Surat News: गुजरात के सूरत में रेस्टोरेंट का खाना खाने से एक बड़ा हादसा पेश आया है। रनुजाधाम सोसाइटी के एक परिवार ने शीतल रेस्टोरेंट से काजू-पनीर करी मंगवाई थी। इसे खाने के बाद परिवार के 5 लोग बीमार हो गए और अस्पताल में इलाज के दौरान 5 वर्षीय बच्ची आर्या की मौत हो गई।
पीड़ित अशोकभाई कलसरिया और उनकी बेटी को 16 अगस्त की सुबह तेज पेट दर्द शुरू हुआ। स्थानीय क्लिनिक में प्राथमिक उपचार के बाद भी हालत बिगड़ती चली गई। इसके बाद परिवार के बाकी सदस्यों की तबीयत भी खराब हो गई। सभी को आनन-फानन में शहर के सदविचार अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया।
अस्पताल पहुंचते ही तोड़ा दम, स्वास्थ्य मंत्री ने दिए सख्त कार्रवाई के निर्देश
परिजनों के अनुसार अस्पताल पहुंचने के 15 से 20 मिनट के भीतर ही मासूम आर्या ने दम तोड़ दिया। घटना का संज्ञान लेते हुए राज्य के स्वास्थ्य मंत्री प्रफुल्ल पानशेरिया ने जिला स्वास्थ्य अधिकारी और सूरत म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन के अधिकारियों के साथ आपात वीडियो कॉन्फ्रेंस कर हालात की समीक्षा की।
स्वास्थ्य मंत्री ने अस्पताल प्रशासन को परिवार के अन्य सदस्यों को बेहतर इलाज मुहैया कराने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही प्रशासन ने शीतल रेस्टोरेंट को तुरंत सील कर दिया है। नगर निगम और स्वास्थ्य विभाग को मामले की जांच कर जिम्मेदार संचालकों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने के आदेश दिए गए हैं।