Sirmaur News: हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले में संगडाह उपमंडल के गतलोग में एक भीषण सड़क हादसा पेश आया है। देर रात बोलेरो कैंपर के गहरी खाई में गिरने से 4 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 9 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों का इलाज चल रहा है।
हादसा उस समय हुआ जब लोग एक रिश्तेदार के शव को लेकर गांव वापस लौट रहे थे। संगडाह पुलिस ने चिनार गांव निवासी सुनील शर्मा के बयान पर मामला दर्ज किया है। 11 अगस्त की शाम सुनील के ताऊ जगदीश शर्मा को दिल का दौरा पड़ा था, जिन्हें अस्पताल में मृत घोषित कर दिया गया था।
शव को किराए की बोलेरो कैंपर (संख्या HP 79-4595) से गांव ले जाया जा रहा था। रास्ते में चिनाड गांव के पास अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए कुछ और लोग गाड़ी में सवार हो गए। मंगलवार रात करीब 12:45 बजे गतलोग के पास ड्राइवर ने नियंत्रण खो दिया और गाड़ी 50 मीटर नीचे गिर गई।
हादसे में 37 वर्षीय राजेंद्र, 23 वर्षीय देसराज, 58 वर्षीय रिखीराम और 62 वर्षीय राम गोपाल की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं 9 लोग घायल हो गए, जिनमें ड्राइवर कपिल देव, बृज मोहन, कृपाराम, देवेंद्र सिंह, सुनील शर्मा, राम स्वरूप, जय प्रकाश, संदीप और कमलेन्द्र शामिल हैं।
घायलों में से चार लोगों की हालत गंभीर होने पर प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। बाकी 5 घायलों का उपचार संगडाह अस्पताल में जारी है। सिरमौर के पुलिस अधीक्षक निश्चित सिंह नेगी ने हादसे की पुष्टि की है और शवों का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।