Bengaluru News: कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में कैब और बाइक राइड के दौरान महिलाओं की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। शहर की एक महिला यात्री ने रैपिडो पिंक सर्विस के दौरान गंभीर उत्पीड़न का आरोप लगाया है। पीड़िता के मुताबिक राइडर ने सफर के अंत में कई सेकंड तक उनका हाथ पकड़े रखा।
पीड़िता सृष्टि ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर बुकिंग कंफर्मेशन और पेमेंट रसीद साझा कर आपबीती बताई। उन्होंने बताया कि बारिश के बावजूद कैप्टन के आग्रह पर उन्होंने ट्रिप कैंसिल नहीं की। पूरे रास्ते ड्राइवर जरूरत से ज्यादा दोस्ताना बर्ताव करने की कोशिश कर रहा था और लगातार असुविधाजनक सवाल पूछ रहा था।
सोसाइटी गेट पर मांगा नंबर और जाने से किया इनकार
महिला ने बताया कि ड्रॉप लोकेशन पर हेलमेट लौटाते वक्त राइडर ने जबरन उनका हाथ पकड़ा और अजीब तरह से मुस्कुराया। ऑनलाइन पेमेंट के लिए क्यूआर कोड मांगने पर ड्राइवर ने फोन खराब होने का बहाना बनाया और पर्सनल नंबर मांगा। महिला ने सख्ती दिखाते हुए बारकोड से ही पेमेंट पूरा किया।
सफर खत्म होने के बाद भी आरोपी राइडर करीब बीस मिनट तक सोसाइटी गेट के बाहर खड़ा रहा। सिक्योरिटी गार्ड के दो बार टोकने के बाद ही वह वहां से रवाना हुआ। मामले के तूल पकड़ने पर कंपनी ने माफी मांगते हुए आरोपी कैप्टन को प्लेटफॉर्म से हमेशा के लिए सस्पेंड कर दिया है।
