Morena News: मध्य प्रदेश के मुरैना जिले से अपराध की एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। सुमावली थाना क्षेत्र के हटूंपुरा गांव में सरकारी जमीन पर कब्जे को लेकर हुए खूनी संघर्ष में दो सगे भाइयों की मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
कांटों की बाड़ लगाने को लेकर शुरू हुआ था विवाद
जानकारी के अनुसार हटूंपुरा गांव में सरकारी जमीन पर कांटों की बाड़ लगाने की बात को लेकर दो पक्ष आपस में भिड़ गए। देखते ही देखते मामूली विवाद इतना बढ़ गया कि एक पक्ष ने ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। इस खूनी खेल के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया।
इस खतरनाक गोलीबारी में 42 वर्षीय राजवीर गुर्जर और उनके 30 वर्षीय छोटे भाई अजब सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं गोली लगने से विकास गुर्जर और पप्पू उर्फ धीरेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद ग्वालियर रेफर कर दिया गया है।
नामित और अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवाया। मृतक के परिजनों ने नत्थो उर्फ नाथूराम, छोटे सिंह, सचिन, राहुल, सत्यपाल, लवकुश, गोलू समेत छह अन्य अज्ञात लोगों पर ताबड़तोड़ फायरिंग करने का आरोप लगाया है।
घटना के बाद से ही सभी आरोपी मौके से फरार बताए जा रहे हैं। दोहरी हत्या की इस वारदात के बाद हटूंपुरा गांव में काफी तनाव बना हुआ है। किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए गांव में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है और आरोपियों की तलाश जारी है।