मंडी में पुराने सिक्का बेचने के नाम पर 7.79 लाख की ठगी, साइबर जालसाजों ने दिया था ढाई करोड़ का झांसा

Share

- Advertisement -

Mandi News: हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में पुराने सिक्के बेचने के नाम पर एक व्यक्ति से लाखों रुपए की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। सुंदरनगर के निवासी को शातिर साइबर ठगों ने ढाई करोड़ रुपए देने का लालच दिया। इसके बाद अलग-अलग शुल्कों के बहाने उससे 7.79 लाख रुपए ठग लिए।

सुंदरनगर के गांव बारल निवासी प्रकाश चंद ने पुलिस में दी शिकायत में बताया कि उन्होंने 14 जुलाई को इंटरनेट पर पुराने सिक्कों से जुड़ा एक वीडियो देखा था। दिए गए मोबाइल नंबर पर बात करने पर जालसाज ने सिक्के खरीदने का दावा किया। फिर व्हाट्सएप पर सिक्कों और पहचान पत्र के फोटो मंगवाए।

प्रोसेसिंग फीस और टैक्स के नाम पर ऐंठे लाख रुपए

ठगों ने दावा किया कि इन सिक्कों की कीमत 2.55 करोड़ रुपए है और राशि जल्द खाते में आ जाएगी। इसके बाद प्रोसेसिंग फीस, टैक्स और फाइल चार्ज के नाम पर किस्तों में पैसे मांगने लगे। पीड़ित प्रकाश चंद ने रिश्तेदारों और दोस्तों की मदद से कुल 7,79,250 रुपए जालसाजों के खातों में ट्रांसफर कर दिए।

इसके बाद कंपनी के अधिकारियों के नाम पर फोन करके 17 लाख रुपए और मांगने पर पीड़ित को संदेह हुआ। नई मांग पर पैसे देने से इंकार करते हुए पीड़ित ने साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के बाद केस दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।

साइबर थाना मंडी से जीरो एफआईआर मिलने के बाद पुलिस स्टेशन सुंदरनगर में मामला दर्ज किया गया। एसपी मंडी विनोद कुमार ने बताया कि पुलिस मोबाइल नंबरों, बैंक खातों और डिजिटल भुगतान के रिकॉर्ड की जांच कर रही है। आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Right News Desk
Right News Desk
लॉ और पत्रकारिता स्नातक, पत्रकारिता में 11 वर्ष का अनुभव

Read more

Related News