Mandi News: हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में गोहर थाना क्षेत्र के तहत चैलचौक से एक महिला अचानक रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हो गई है। पीड़िता के पति की शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस टीम मोबाइल लोकेशन और तकनीकी साक्ष्यों के जरिए महिला को ढूंढने का प्रयास कर रही है।
दुकान से लौटने पर कमरे से गायब मिली रीना
पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार दुर्गादास मूल रूप से कांडा क्षेत्र के निवासी हैं। वह वर्तमान में अपनी पत्नी रीना के साथ चैलचौक में किराए के कमरे में रह रहे थे। शुक्रवार को वह रोज की तरह अपनी दुकान पर काम करने गए थे। काम खत्म कर कमरे पर वापस लौटने पर उनकी पत्नी रीना वहां मौजूद नहीं थी।
पति ने आसपास के पड़ोसियों, रिश्तेदारों और परिचितों से काफी पूछताछ की। हर जगह संपर्क करने के बाद भी जब रीना का कोई सुराग नहीं लगा, तो दुर्गादास ने तुरंत गोहर थाने जाकर गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए फौरन जांच-पड़ताल और तलाश अभियान शुरू कर दिया है।
पुलिस मोबाइल लोकेशन ट्रेस कर तलाश में जुटी
गोहर थाना पुलिस स्थानीय आसपास के इलाकों में गहन पूछताछ करने में जुटी है। इसके साथ ही लापता महिला का सुराग लगाने के लिए मोबाइल लोकेशन को लगातार ट्रेस किया जा रहा है। पुलिस का दावा है कि तकनीकी साक्ष्यों की मदद से महिला को जल्द तलाश कर लिया जाएगा।