Uttar Pradesh News: लखीमपुर खीरी के पसगवां क्षेत्र के ग्राम जीराबोझी में शनिवार देर शाम दुकान बंद करके घर लौट रहे 45 वर्षीय साइकिल मिस्त्री राकेश कुमार की लाठी-डंडों से पीटकर हत्या कर दी गई। घरवालों ने घटना का कारण पुरानी रंजिश बताया है। हमले के बाद गांव में तनाव का माहौल है और पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
शनिवार देर शाम जीराबोझी निवासी 45 वर्षीय राकेश कुमार पुत्र इतवारी सहिजना रामपुर बनवारी में अपनी दुकान बंद करके घर लौट रहा था। रास्ते में पहले से घात लगाए गांव के प्रवीण कुमार ने साथियों के साथ उस पर हमला कर दिया।
हमलावरों ने लाठी-डंडों से पीटकर उसे मरणासन्न कर दिया। सूचना पर घरवाले इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर गए, जहां चिकित्सक ने राकेश को मृत घोषित कर दिया। घरवालों ने घटना का कारण पुरानी रंजिश बताया है। मृतक के भाई आशाराम ने घटना की तहरीर दी है।
कोतवाली प्रभारी जितेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। आरोपियों की तलाश की जा रही है और घटना की जांच की जा रही है। गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।