कानपुर में सैंडविच दुकानदार से वसूली का आरोप, चौकी प्रभारी पर दुकान हटाने की धमकी का आरोप

Share

- Advertisement -

Kanpur News: कानपुर के फूलबाग में सैंडविच की दुकान चलाने वाले कार्तिक त्रिपाठी ने चौकी प्रभारी पर वसूली और दुकान हटाने की धमकी देने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि चौकी प्रभारी ने कहा कि पहले मुझे समझो, फिर दुकान लगेगी, वरना मुकदमा लिखवाऊंगा। घटना का वीडियो वायरल होने के बाद एसीपी कोतवाली ने जांच के आदेश दिए हैं।

पीड़ित कार्तिक त्रिपाठी की फूलबाग में बमबम सैंडविच की दुकान है। सोमवार रात दुकान के पास लोगों की काफी भीड़ लगी थी। इसको लेकर चौकी प्रभारी वहां पहुंचे और दुकानदार पर भड़क गए। आरोप है कि चौकी प्रभारी काफी समय से रुपये वसूलने के लिए दबाव बना रहे हैं और रुपये न देने पर दुकान हटवाने की धमकी दे रहे हैं।

दोनों के बीच बहस का एक वीडियो भी सामने आया है। वीडियो में पुलिसकर्मी दुकान हटाने की बात कहते नजर आ रहे हैं, जबकि दुकानदार खुद को गरीब बताते हुए दुकान न हटाने की बात कह रहा है। दुकानदार पुलिसकर्मियों से कह रहा है कि भाई साहब, मेरी दुकान है। हम गरीब आदमी हैं। हमको छोड़ दीजिए। इस दौरान दुकानदार पुलिसकर्मी के हाथ जोड़ते और पैर छूते हुए भी दिखा।

दुकानदार ने बताया कि उसके पास खाद्य विभाग का लाइसेंस और बिजली मीटर लगा है। नगर निगम से भी बातचीत हो चुकी है और दुकान लगाने की अनुमति है। वह पुलिसकर्मी से कह रहा है कि अगर दुकान हटानी है तो हटा दीजिए, लेकिन वह खुद दुकान नहीं हटाएगा।

एसीपी ने दिए जांच के आदेश

पीड़ित मंगलवार को पुलिस आयुक्त कार्यालय पहुंचा, पर अधिकारियों से मुलाकात नहीं हो सकी। उसने कहा कि उसके पास रिकार्डिंग है। एसीपी कोतवाली अमित कुमार पांडेय ने बताया कि रात का मामला है। बमबम सैंडविच की दुकान के पास लोगों का जमावड़ा लगा था और पुलिस गश्त के दौरान चौकी प्रभारी वहां गए थे। उन्होंने देर रात तक दुकान खोलने को मना किया था। आरोपों की जांच कराई जा रही है। एसीपी ने मामले को तोड़मोड़ कर पेश करने की बात भी कही है।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News