हिमाचल प्रदेश के ऊना में 18 वर्षीय छात्रा और 24 वर्षीय प्रवासी महिला रहस्यमयी परिस्थितियों में लापता, मामला दर्ज

Share

- Advertisement -

Una News: हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले के अम्ब थाना क्षेत्र से दो अलग-अलग मामलों में एक छात्रा और एक प्रवासी महिला संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई हैं। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने मामले दर्ज कर लिए हैं। पुलिस दोनों की तलाश के लिए अलग-अलग टीमें बनाकर जांच में जुट गई है।

घर में मोबाइल छोड़कर चंडीगढ़ जाने निकली थी छात्रा

पुलिस को मिली शिकायत में छात्रा के पिता ने बताया कि उनकी 18 वर्षीय बेटी चंडीगढ़ के एक प्राइवेट कॉलेज में पढ़ती है। वह छुट्टियों के कारण दो महीनों से घर पर ही रह रही थी। गत 30 जुलाई को वह अचानक बिना किसी को बताए घर से कहीं चली गई।

परिजनों के अनुसार छात्रा चंडीगढ़ जाने की बात कहकर निकली थी लेकिन वहां नहीं पहुंची। उसका मोबाइल फोन भी घर पर ही छूट गया है। परिजनों ने रिश्तेदारों और अन्य संभावित जगहों पर काफी तलाश की। सुराग न मिलने पर उन्होंने पुलिस थाने में शिकायत दर्ज करवाई।

मायके जाने की बात कहकर निकली महिला भी लापता

इसके अलावा अम्ब थाना क्षेत्र से 24 वर्षीय एक प्रवासी महिला भी संदिग्ध परिस्थितियों में गायब हो गई है। महिला के परिजनों ने शिकायत में बताया कि वह 29 जुलाई को अपने मायके जाने की बात कहकर घर से निकली थी, लेकिन वह रास्ते से ही गायब हो गई।

मायके और अन्य रिश्तेदारों के पास तलाश करने के बाद भी महिला का कोई सुराग नहीं लगा। डीएसपी और एसडीपीओ अम्ब अनिल पटियाल ने बताया कि दोनों मामलों में बीएनएस की धारा 137(2) और अन्य धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है। पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है।

Right News Desk
Right News Desk
लॉ और पत्रकारिता स्नातक, पत्रकारिता में 11 वर्ष का अनुभव

Read more

Related News