Kullu News: हिमाचल प्रदेश के कुल्लू में जल शक्ति विभाग में पदस्थ जूनियर इंजीनियर (जेई) लाभ सिंह गुलेरिया की इलाज के दौरान मौत हो गई। अज्ञात बदमाशों ने उन पर जानलेवा हमला किया था। दो दिनों तक जिंदगी और मौत से जूझने के बाद उन्होंने एम्स बिलासपुर में दम तोड़ दिया। पुलिस ने हत्या का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कुल्लू के दफ्तर के पास लहूलुहान मिले थे जेई लाभ सिंह
जानकारी के अनुसार कुल्लू जिले में तैनात जल शक्ति विभाग के जेई लाभ सिंह गुलेरिया पर बदमाशों ने हमला किया था। आरोपियों ने पिटाई के बाद उन्हें दफ्तर से महज 50 मीटर दूर सड़क किनारे फेंक दिया। शुक्रवार रात हुई इस वारदात के बाद गंभीर रूप से घायल अवस्था में उन्हें एम्स बिलासपुर रेफर किया गया था, जहां उन्होंने अंतिम सांस ली।
मृतक की पत्नी कांता देवी ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि लाभ सिंह 24 जुलाई को ड्यूटी पर गए थे। देर रात तक घर न लौटने पर परिजनों ने तलाश शुरू की। इससे पहले जेई ने फोन कर पिरड़ी पुल के पास एक्सीडेंट होने और घर लौटने की बात कही थी, लेकिन जब वे नहीं पहुंचे तो घरवाले ढूंढने निकले।
पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगालकर संदिग्धों की पहचान में जुटी
खोजबीन के दौरान परिजनों को रोटरी आई अस्पताल गांधीनगर के पास उनकी स्कूटी खड़ी मिली। इसके बाद जब आसपास तलाशी ली गई, तो लाभ सिंह अपने दफ्तर के पास एक सब्जी के खोखे के समीप मुंह के बल पड़े मिले। वे बेहद गंभीर हालत में थे। परिजन उन्हें तुरंत क्षेत्रीय अस्पताल ले गए, जहां से डॉक्टरों ने एम्स बिलासपुर रेफर कर दिया।
पत्नी का आरोप है कि घर लौटते समय रास्ते में अज्ञात लोगों ने लाभ सिंह का रास्ता रोककर उन पर हमला किया। बेरहमी से की गई इस पिटाई के कारण ही उनकी जान गई है। फिलहाल पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि आरोपियों को जल्द पकड़ा जा सके।