Delhi News: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में आगामी त्योहारों के मद्देनजर खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिठाई की दुकानों और निर्माण इकाइयों पर बड़ा जांच अभियान चलाया। इस कार्रवाई के दौरान कई नामी प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई, स्टोरेज और खाद्य पदार्थों के रख-रखाव में भारी गड़बड़ियां पाई गईं। विभाग ने विभिन्न जगहों से सैंपल जब्त किए हैं।
राजधानी के कई प्रमुख आउटलेट्स से खाद्य पदार्थों के सैंपल लिए
विभाग की टीमों ने चांदनी चौक, ओखला, नरेला, उत्तम नगर और पटपड़गंज सहित कई इलाकों में सघन जांच की। यहां से खोया, रसभरी, बर्फी, मिल्क केक और घी जैसे उत्पादों के नमूने लैब टेस्ट के लिए भेजे गए। काली घटा, भीकाराम चांदमल, हल्दीराम, बीकानेरवाला और हीरा स्वीट्स जैसे बड़े नामों की जांच की गई।
भंडारण में कीट और बिना दस्तानों के काम करते मिले कर्मचारी
ओखला स्थित एवरग्रीन स्वीट हाउस में कीड़े मिलने और कर्मचारियों के बिना ग्लव्स काम करने जैसी गंभीर कमियां सामने आईं। वहीं बादली में पुरी बेकर और बंसीवाला स्वीट्स में एफएसएसएआई लाइसेंस और जरूरी दस्तावेज नहीं मिले। नारायणा और आईपी एक्सटेंशन की कई दुकानों में भी स्वच्छता मानकों का उल्लंघन पाया गया।
मुख्यमंत्री कार्यालय के अनुसार, लैब रिपोर्ट आने के बाद नियमों की अनदेखी करने वालों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने स्पष्ट कहा कि नागरिकों की सेहत के साथ कोई समझौता नहीं होगा। उन्होंने सभी खाद्य व्यापारियों से तय नियमों और मानकों का पालन करने की सख्त अपील की।
