Raipur News: इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय (आईजीकेवी) के बीएससी एग्रीकल्चर के प्रश्नपत्र लीक मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने भारती एग्रीकल्चर कॉलेज के प्रोफेसर समेत 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि 2 अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
एंडोस्कोपिक कैमरे से सील खोले बिना बनाया वीडियो
जांच में खुलासा हुआ कि मुख्य आरोपी प्रोफेसर योगेश सोनकेसरिया ने लिफाफे की सील खोले बिना उसमें छोटा छेद किया। इसके बाद एंडोस्कोपिक कैमरे के जरिए अंदर मौजूद प्रश्नपत्र की रिकॉर्डिंग की। फिर वीडियो देखकर हाथ से सवाल लिखे और छात्रों तक पहुंचाए। यह प्रश्नपत्र 11 हजार रुपये में बेचा गया था।
पहले भी पैथोलॉजी का प्रश्नपत्र लीक करने का आरोप
पुलिस जांच के अनुसार प्रोफेसर ने 20 अगस्त के एंटोमोलॉजी पेपर से पहले 8 अगस्त को होने वाला पैथोलॉजी का प्रश्नपत्र भी अपने कुछ करीबी छात्रों को दिया था। आरोपी प्रोफेसर 17 अगस्त को जोरा स्थित कॉलेज से पेपर लेकर अपने घर गया था, जहां उसने यह साजिश रची।
परीक्षा से दो घंटे पहले मिली थी लीक की सूचना
20 अगस्त को परीक्षा शुरू होने से दो घंटे पहले कवर्धा कृषि कॉलेज के ई-मेल पर पेपर लीक की सूचना आई थी। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बताया कि सभी 6 आरोपियों को रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है और मामले में शामिल किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।