Bengaluru News: बेंगलुरु के एक लग्जरी होटल में 40 वर्षीय व्यक्ति ने अपनी दो मासूम बेटियों की कथित तौर पर गला घोंटकर हत्या कर दी। इसके बाद उसने खुदकुशी की कोशिश की। आरोपी नागावारा का निवासी है, जिस पर 5 और 10 साल की बच्चियों की हत्या का आरोप है।
ताज होटल के सुरक्षा प्रबंधक ने पुलिस को दी सूचना
उत्तर-पूर्व बेंगलुरु के डीसीपी जी.के. मिथुन कुमार ने बताया कि ताज होटल के सिक्योरिटी मैनेजर से दो बच्चियों की संदिग्ध मौत की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस को पिता पर ही हत्या का संदेह हुआ। आरोपी गंभीर हालत में मिला, जिसे सुरक्षा टीम ने मणिपाल अस्पताल पहुंचाया।
सुसाइड नोट में पत्नी के अवैध संबंधों का लगाया आरोप
होटल के कमरे से पुलिस को एक सुसाइड नोट मिला है। इसमें आरोपी इमरान ने अपनी वैवाहिक जिंदगी में चल रहे गहरे तनाव का जिक्र किया है। उसने लिखा कि वह पत्नी के एक्स्ट्रा-मैरिटल अफेयर से तंग आ चुका है और इसके सबूत होने का दावा करते हुए बेटियों को साथ ले जाने की बात कही।
चेक-आउट न करने पर हाउसकीपिंग स्टाफ को हुआ संदेह
इमरान एक प्राइवेट कैब कंपनी में मैनेजर है। वह रविवार शाम करीब 7:30 बजे होटल आया था और दुबई से मेहमान आने की बात कही थी। अगले दिन दोपहर तक चेक-आउट न करने और कई बार दरवाजा खटखटाने पर भी जवाब न मिलने पर स्टाफ को गहरा संदेह हुआ।
मासूमों के शव और खून से लथपथ पिता को देख उड़े होश
शाम करीब 5:30 बजे होटल मैनेजर ने मास्टर चाबी से कमरा खोला। अंदर दो बच्चियां बिस्तर के पास मृत पड़ी थीं, जबकि इमरान सोफे के पास खून से लथपथ मिला। डॉक्टरों ने दोनों बच्चियों को मृत घोषित कर दिया, जबकि आरोपी पिता का अस्पताल में इलाज जारी है।