Mumbai News: रिलायंस कंज्यूमर प्रोडक्ट्स का सॉफ्ट ड्रिंक ब्रांड कैंपा देश के कोल्ड ड्रिंक बाजार में तेजी से अपनी पकड़ मजबूत कर रहा है। कंपनी ने कई प्रमुख बाजारों में दोहरे अंक की बाजार हिस्सेदारी हासिल कर ली है। इसी के साथ रिलायंस देश के नॉन-अल्कोहलिक रेडी-टू-ड्रिंक पेय बाजार में तीसरी सबसे बड़ी कंपनी बन गई है।
रिलायंस इंडस्ट्रीज ने चालू वित्त वर्ष की जून तिमाही के नतीजों में शानदार प्रदर्शन किया है। कंपनी को अपने पेय पदार्थ कारोबार से करीब 2,900 करोड़ रुपए का राजस्व मिला है। यह पिछले वित्त वर्ष के मुकाबले एक बड़ी बढ़त है। इस सफलता में कैंपा और इंडिपेंडेंस जैसे लोकप्रिय ब्रांडों की सबसे अहम भूमिका रही है।
स्थानीय बाजारों में 10 फीसदी से ज्यादा की हिस्सेदारी
कंपनी ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी कुल बाजार हिस्सेदारी का आधिकारिक आंकड़ा सार्वजनिक नहीं किया है। हालांकि उद्योग से जुड़े सूत्रों का कहना है कि कैंपा ने कई क्षेत्रीय बाजारों में 10 प्रतिशत से अधिक की हिस्सेदारी बना ली है। आक्रामक कीमत और तेजी से फैलते डिस्ट्रीब्यूशन नेटवर्क को इसकी मुख्य वजह माना जा रहा है।
कैंपा की इस तेज रफ्तार से लंबे समय से बाजार पर कब्जा जमाए बैठी कोका-कोला और पेप्सिको की चिंताएं बढ़ गई हैं। साल 2023 में ब्रांड के री-लॉन्च के बाद रिलायंस ने कम कीमत, बेहतर उपलब्धता और नए फ्लेवर्स के दम पर ग्राहकों के बीच अपनी जगह बेहद मजबूत कर ली है।
कोला के साथ एनर्जी ड्रिंक्स तक बढ़ा दायरा
रिलायंस ने कैंपा ब्रांड के तहत केवल कोला तक खुद को सीमित नहीं रखा है। कंपनी ने बाजार में लेमन, ऑरेंज और एनर्जी ड्रिंक जैसे नए प्रोडक्ट्स भी उतारे हैं। ग्राहकों की पसंद को ध्यान में रखते हुए कंपनी लगातार अपने प्रोडक्ट पोर्टफोलियो का विस्तार करने में जुटी हुई है।
बढ़ती मांग को पूरा करने के लिए रिलायंस अपने मैन्युफैक्चरिंग नेटवर्क को तेजी से बढ़ा रही है। नए ग्रीनफील्ड बेवरेज प्लांट का एक हिस्सा शुरू हो चुका है। इसके अलावा ऑस्ट्रेलिया में कैंपा के कैन का उत्पादन शुरू हो गया है। कंपनी जल्द ही इसे अफ्रीकी देशों में भी लॉन्च करने की योजना बना रही है।