New Delhi News: केंद्र सरकार ने पुरानी गाड़ियों की स्क्रैपिंग और एक्सटेंडेड प्रोड्यूसर रिस्पांसिबिलिटी (EPR) से जुड़े नियमों में बड़ा बदलाव किया है। अब EPR का विशेष प्रावधान सिर्फ उन्हीं वाहन निर्माता कंपनियों पर लागू होगा, जो अपना कारोबार हमेशा के लिए बंद कर देंगी। कारोबार जारी रखने वाली कंपनियों को इस प्रावधान से राहत मिलेगी।
पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय ने 20 नवंबर 2026 को नोटिफिकेशन संख्या एस.ओ. 6326(ई) जारी करते हुए एनवायरनमेंट प्रोटेक्शन (एंड-ऑफ-लाइफ व्हीकल्स) अमेंडमेंट को फिर से जारी किया है। ये नए नियम गजट में प्रकाशित होने की तारीख से लागू होंगे। इस संशोधन का सबसे बड़ा मकसद वाहन निर्माता कंपनियों के बीच नियमों को लेकर बनी असमंजस की स्थिति को दूर करना है।
सरकार ने नियम 4(6) में स्पष्ट कर दिया है कि EPR से जुड़ा विशेष प्रावधान केवल उन कंपनियों के लिए होगा, जो अपना कारोबार स्थायी रूप से बंद कर देंगी। कारोबार जारी रखने वाली कंपनियों पर यह व्यवस्था लागू नहीं होगी।
देना होगा 15 से 20 साल का हिसाब
नए संशोधन के मुताबिक, अगर कोई वाहन निर्माता कंपनी अपना कारोबार हमेशा के लिए बंद करती है, तो उसे सेंट्रल पॉल्यूशन कंट्रोल बोर्ड यानी सीपीसीबी को अपने पुराने वाहनों का पूरा रिकॉर्ड देना होगा। यह रिकॉर्ड कंपनी के कारोबार बंद करने से पहले बाजार में उतारे गए वाहनों से जुड़ा होगा। इसमें कमर्शियल और ट्रांसपोर्ट वाहनों के लिए पिछले 15 वर्षों का रिकॉर्ड देना होगा। वहीं, नॉन-कमर्शियल और नॉन-ट्रांसपोर्ट वाहनों के मामले में पिछले 20 सालों की जानकारी देनी होगी।
कंपनी से जानकारी मिलने के बाद सीपीसीबी उसके EPR से जुड़े दायित्व तय करेगा। इसके बाद बोर्ड संबंधित कंपनी को इसकी जानकारी देगा। EPR की जिम्मेदारियां तय करते समय बोर्ड को नियमों के सभी लागू प्रावधानों को ध्यान में रखना होगा।
स्टील स्क्रैप से जुड़े नियम में भी बदलाव
सरकार ने इस संशोधन में सिर्फ EPR की जिम्मेदारियों को ही स्पष्ट नहीं किया है। बल्कि एंड-ऑफ-लाइफ व्हीकल रूल्स, 2025 के नियम 9(2) में भी बदलाव किया गया है। इसके तहत नियम से “ऑर अदर स्टील स्क्रैप मैटेरियल रिलेटेड टू ऑटोमोबाइल सेक्टर प्रोसेस्ड एट रजिस्टर्ड व्हीकल स्क्रैपिंग फेसिलिटी” शब्दों को हटा दिया गया है। यानी रजिस्टर्ड व्हीकल स्क्रैपिंग फैसिलिटी में प्रोसेस किए गए ऐसे अन्य स्टील स्क्रैप मटेरियल का उल्लेख अब इस प्रावधान में नहीं रहेगा।
मार्च में आया था ड्राफ्ट
इस बदलाव की प्रक्रिया मार्च 2026 में शुरू हुई थी। पर्यावरण मंत्रालय ने 27 मार्च 2026 को संशोधन का ड्राफ्ट राजपत्र में प्रकाशित किया था। इसके बाद आम लोगों और संबंधित पक्षों से 60 दिनों के भीतर आपत्तियां और सुझाव मांगे गए थे। मंत्रालय के मुताबिक, इस दौरान मिले सभी सुझावों और आपत्तियों पर विचार किया गया। इसके बाद अब फाइनल अमेंडमेंट नोटिफिकेशन जारी किया गया है।
कुल मिलाकर सरकार के इस फैसले से पुरानी गाड़ियों की स्क्रैपिंग और EPR जिम्मेदारियों को लेकर स्थिति पहले से ज्यादा साफ हो गई है। सबसे बड़ी बात यह है कि कारोबार जारी रखने वाली कंपनियों को नियम 4(6) के इस विशेष प्रावधान से अलग रखा गया है। इससे ऑटोमोबाइल कंपनियों की नियामों से जुड़ी उलझन कम होने की उम्मीद है।