नवंबर में शेयर बाजार की तूफानी तेजी से निवेशकों की संपत्ति 34.61 लाख करोड़ रुपये बढ़ी

Share

- Advertisement -

Business News: विदेशी निवेशकों की जोरदार खरीदारी, कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट और कंपनियों के उम्मीद से बेहतर वित्तीय नतीजों के बीच इस महीने भारतीय शेयर बाजारों में तेज उछाल आया है। इस दौरान बीएसई सेंसेक्स में लगभग 11 प्रतिशत की बढ़त से शेयर निवेशकों की संपत्ति 34.61 लाख करोड़ रुपये बढ़ गई है।

तीस शेयरों वाला बीएसई का मानक सूचकांक सेंसेक्स 23 नवंबर तक 7,976.46 अंक यानी 10.71 प्रतिशत बढ़ा है। शेयर बाजार में तेजी के इस रुख के बाद बीएसई में सूचीबद्ध कंपनियों का बाजार पूंजीकरण इस महीने 34.61 लाख करोड़ रुपये बढ़कर 509 लाख करोड़ रुपये हो गया है।

बाजार की इस तेजी के पीछे विदेशी निवेशक एक प्रमुख चालक बनकर उभरे हैं। नवंबर में अब तक उनका शुद्ध निवेश एक लाख करोड़ रुपये के आंकड़े को पार कर 1.27 लाख करोड़ रुपये पर पहुंच गया है, जो अब तक का सबसे अधिक मासिक निवेश प्रवाह है।

जियोजित इन्वेस्टमेंट्स लिमिटेड के मुख्य निवेश रणनीतिकार वी के विजयकुमार ने कहा कि भारत के प्रति विदेशी संस्थागत निवेशकों के रुख में बदलाव, रुपये में मजबूती और कंपनियों की आय में उम्मीद से बेहतर वृद्धि ने मिलकर बाजार की धारणा को मजबूत किया है, जिसे बुनियादी कारकों का ठोस समर्थन हासिल है। उन्होंने कहा कि इस महीने अब तक भारत दुनिया में सबसे अच्छा प्रदर्शन करने वाला बड़ा बाजार रहा है।

वैश्विक स्तर पर कृत्रिम मेधा (एआई) से जुड़े शेयरों में भारी गिरावट के कारण शेयर बाजारों में बिकवाली देखी गई। वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 88.90 डॉलर प्रति बैरल पर है।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News