National News: महंगाई दिल्ली से रांची तक ही नहीं, पूरे देश में बवाल काट रही है। उपभोक्ता मंत्रालय के ताजा आंकड़ों के मुताबिक सरसों तेल से लेकर आटा, चावल और दाल तक के दाम आसमान छू रहे हैं। सबसे महंगा सरसों तेल चेन्नई में ₹258 प्रति किलो है, जबकि दिल्ली में अरहर दाल ₹150 प्रति किलो पर पहुंच गई है।
दालों के दाम: अरहर में सबसे ज्यादा उछाल
उपभोक्ता मंत्रालय की वेबसाइट पर दिए गए ताजा आंकड़ों के मुताबिक दिल्ली, मुंबई, चेन्नई और कोलकाता में चना दाल से लेकर मूंग दाल तक के दाम महंगाई की पिच पर शतक लगा चुके हैं। दिल्ली में चना दाल एक साल में ₹88 से ₹100, मुंबई में ₹97 से ₹118 और चेन्नई में ₹82 से ₹105 प्रति किलो पर पहुंच गई है। रांची में यह शतक से सिर्फ एक रुपया दूर ₹99 पर है।
अरहर दाल में सबसे अधिक उछाल देखने को मिल रहा है। दिल्ली में एक साल पहले महज ₹106 प्रति किलो बिकने वाली अरहर दाल अब ₹150 प्रति किलो पर पहुंच गई है। मुंबई में यह ₹157, कोलकाता में ₹150, चेन्नई में ₹147 और रांची में ₹144 प्रति किलो है। उड़द दाल भी दिल्ली में ₹150 प्रति किलो है और एक साल में इसमें ₹20 प्रति किलो का इजाफा हुआ है। मूंग दाल भी ₹110 से ₹120 पर पहुंच गई है, जबकि रांची में यह ₹112 प्रति किलो है।
स्रोत के मुताबिक भू-राजनीतिक तनाव, व्यापार में रुकावट, माल ढुलाई की बढ़ती लागत और प्रमुख उत्पादक देशों में खराब मौसम के कारण अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमतें बढ़ रही हैं।
क्या कर रही है सरकार
भारत दुनिया में दालों का सबसे बड़ा उत्पादक और उपभोक्ता है। देश में हर साल करीब तीन करोड़ टन दालों की मांग होती है, जिसमें लगभग 20 फीसदी हिस्सा आयात से पूरा किया जाता है। सप्लाई बनाए रखने के लिए सरकार ने तूर यानी अरहर और उड़द के ड्यूटी फ्री आयात की अनुमति 31 मार्च 2027 तक दी है। वहीं चना और मसूर के आयात पर 10 फीसदी और पीली मटर पर 30 फीसदी शुल्क लागू है।
उबल रहे तेल के दाम
अखिल भारतीय स्तर पर एक ही महीने में पाम ऑयल को छोड़कर सभी खाद्य तेलों के दाम में तेजी आई है। सबसे अधिक तेजी सरसों के तेल में देखने को मिल रही है। एक महीने में सरसों तेल का भाव 4.15 फीसदी महंगा होकर ₹215.43 प्रति किलो पर पहुंच गया है, जबकि पिछले साल के मुकाबले यह 15.46 फीसदी महंगा हुआ है। दिल्ली में सरसों तेल एक साल में ₹33 महंगा होकर ₹227 पर पहुंच गया है।
मूंगफली का तेल ₹203 से ₹227 और सोया ऑयल ₹168 से ₹181 प्रति किलो पर पहुंच गया है। सबसे महंगा सरसों तेल चेन्नई में ₹258 प्रति किलो है, जबकि रांची में ₹224, मुंबई में ₹256 और कोलकाता में ₹235 प्रति किलो है।
आटा, चावल और चीनी के भाव
महंगाई की मार सबसे अधिक चीनी पर पड़ी है। यह एक साल में 32 फीसदी महंगी हुई है, जबकि इसी अवधि में चावल के दाम में करीब 15 फीसदी का उछाल आया है। गेहूं के दाम करीब तीन फीसदी ही बढ़े हैं। दिल्ली, मुंबई, कोलकाता और रांची में चीनी के भाव ₹63 से ₹69 प्रति किलो हैं।
चावल की कीमतों को नियंत्रित करने के लिए सरकार ने कदम उठाया है। छह नवंबर को ओपन मार्केट सेल स्कीम (ओएमएसएस) के तहत चावल बिक्री का लक्ष्य 25 लाख टन से बढ़ाकर 50 लाख टन कर दिया गया। सरकार के मुताबिक 31 अक्टूबर तक ई-नीलामी के जरिए 25 लाख टन चावल बेचा जा चुका था, जबकि पिछले साल इसी अवधि में यह आंकड़ा 11 लाख टन था। इसके अलावा चावल और धान के कारोबारियों, थोक विक्रेताओं, खुदरा विक्रेताओं और प्रोसेसर के लिए हर सप्ताह स्टॉक की जानकारी देना अनिवार्य किया गया है।
दूध के दाम में उफान
दूध के दाम में भी उफान आ चुका है। पिछले एक साल से दूध की कीमतों में लगातार हो रही बढ़ोतरी ने आम आदमी का घरेलू बजट बिगाड़ कर रख दिया है। अमूल, मदर डेयरी और नंदिनी जैसी प्रमुख डेयरी कंपनियों ने एक साल में अब तक दूध की कीमतों में ₹8 तक बढ़ोतरी कर दी है। मदर डेयरी का पैकेट वाला टोंड दूध अब ₹60 की जगह ₹62 प्रति लीटर मिलेगा, जबकि फुल क्रीम दूध की कीमत ₹72 से बढ़कर ₹76 प्रति लीटर हो गई है। महंगे होते दूध का असर यह हुआ कि घी, बटर और क्रीम भी पहले की तुलना में महंगे हुए हैं।
बता दें, देश में खुदरा महंगाई दर अक्टूबर में बढ़कर 6.09 फीसदी पर पहुंच गई। स्रोत के मुताबिक यह पहली बार है जब नई कंज्यूमर प्राइस इंडेक्स (सीपीआई) सीरीज में महंगाई दर भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) की छह फीसदी की अधिकतम सीमा को पार कर गई है। आरबीआई ने महंगाई के लिए दो से छह फीसदी का दायरा तय किया है। अक्टूबर में खाद्य महंगाई दर बढ़कर 8.94 फीसदी हो गई, जबकि सितंबर में यह 7.74 फीसदी थी।