Karnal News: करनाल में इंद्री एस्केप ड्रेन पर 110 करोड़ रुपये की लागत से 20 मेगावाट क्षमता का सौर ऊर्जा संयंत्र स्थापित किया जा रहा है। यह परियोजना 6.8 किलोमीटर लंबे ड्रेन पर बनेगी और इससे सालाना 28 से 30 मिलियन यूनिट बिजली का उत्पादन होगा, जबकि करीब 22 हजार टन कार्बन उत्सर्जन कम होगा।
इस परियोजना की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसके लिए किसानों की एक इंच भी उपजाऊ जमीन का अधिग्रहण नहीं करना पड़ेगा। सूत्रों के मुताबिक, अगर यह प्लांट जमीन पर लगाया जाता तो कम से कम 80 एकड़ से ज्यादा जमीन की जरूरत पड़ती। अब ड्रेन के जल निकाय क्षेत्र और खाली पड़े किनारों का वैज्ञानिक तरीके से उपयोग किया जा रहा है, जिससे न तो खेती प्रभावित होगी और न ही जल निकासी व्यवस्था में कोई बाधा आएगी।
अर्बन चैलेंज फंड के तहत बनने वाला यह प्लांट करनाल को ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर और ग्रीन बनाने की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है। तेजी से बढ़ते शहरीकरण और औद्योगिक विकास के कारण बिजली की मांग लगातार बढ़ रही है, ऐसे में स्थानीय स्तर पर स्वच्छ बिजली का उत्पादन शहर के विद्युत नेटवर्क पर दबाव कम करेगा, वोल्टेज में सुधार लाएगा और बिजली कटौती की समस्या से राहत दिलाएगा।
गांव मंगलपुर और बुढ़ाखेड़ा के पास चुना गया स्थान
परियोजना के लिए गांव मंगलपुर और बुढ़ाखेड़ा के निकट इंद्री एस्केप ड्रेन के लगभग 6800 मीटर लंबे हिस्से को चुना गया है। आमतौर पर बड़े सोलर प्लांट के लिए सैकड़ों एकड़ जमीन की आवश्यकता होती है, जिससे कृषि भूमि प्रभावित होती है, लेकिन यहां बहते पानी के ऊपर सौर पैनल लगाए जाएंगे।
प्लांट से मिलने वाली 20 मेगावाट बिजली सीधे तौर पर शहर के हजारों परिवारों की ऊर्जा जरूरतों को पूरा करने में सक्षम होगी। यह प्लांट 30 वर्षों तक अपनी सेवाएं देगा, जिससे दीर्घकाल में बिजली की लागत में भारी बचत होगी।
चार चरणों में ग्रिड तक पहुंचेगी सूरज की रोशनी
पहले चरण में सोलर फोटोवोल्टिक पैनल सूर्य की किरणों को विद्युत ऊर्जा में बदलेंगे। दूसरे चरण में इन्वर्टर उत्पन्न हुई डायरेक्ट करंट बिजली को ग्रिड के अनुरूप अल्टरनेटिंग करंट में परिवर्तित करेगा। तीसरे चरण में ट्रांसफार्मर बिजली के वोल्टेज को आवश्यक मानक स्तर तक बढ़ाएगा और अंतिम चरण में इस स्वच्छ बिजली को मुख्य विद्युत नेटवर्क में समाहित कर आम उपभोक्ताओं तक पहुंचाया जाएगा।
प्रशासन ने तेज की तैयारियां
नगर निगम आयुक्त सलोनी शर्मा ने नगर निगम, सिंचाई विभाग और वन विभाग के अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय बैठक कर कार्य में तेजी लाने के स्पष्ट निर्देश दिए हैं। वर्तमान में जीपीएस मशीन की सहायता से स्थल की सटीक निशानदेही का कार्य शुरू किया जा रहा है। साथ ही, सिंचाई और वन विभाग से आवश्यक अनापत्ति प्रमाण पत्र जारी करने की प्रक्रिया अंतिम चरण में है।
पैनलों की ऊंचाई, दिशा और संरचनात्मक मजबूती का ऐसा इंजीनियरिंग डिजाइन तैयार किया जा रहा है, जिससे अधिकतम सूर्य की रोशनी मिल सके और अगले तीन दशकों तक रखरखाव में कोई परेशानी न आए। प्रशासनिक औपचारिकताएं पूरी होते ही निर्माण कार्य रफ्तार पकड़ेगा।