New Delhi News: कोका-कोला इंडिया अपने मशहूर ऑरेंज पेय गोल्ड स्पॉट को नए कैन रूप में वापस ला रही है। 1952 में भारत में शुरू हुआ यह ब्रांड अपने तीखे-मीठे ऑरेंज स्वाद और द जिंग थिंग पहचान के लिए जाना जाता है, और अब यह कम चीनी वाले पेय के रूप में मिलेगा।
गोल्ड स्पॉट 1952 में भारत में आया था और स्कूल की कैंटीन, जन्मदिन की पार्टियों और मोहल्ले की बैठकों का हिस्सा बन गया था। 1980 के दशक के मध्य में ब्रांड ने द जिंग थिंग की पहचान अपनाई थी, जिसने उसकी युवा ऊर्जा को दर्शाया था।
कोका-कोला इंडिया और दक्षिण-पश्चिम एशिया में स्पार्कलिंग फ्लेवर्स की प्रमुख सुमेली चटर्जी ने कहा कि गोल्ड स्पॉट के साथ बड़े हुए लगभग हर व्यक्ति के पास इससे जुड़ी कोई कहानी है और यही जुड़ाव इस वापसी को खास बनाता है। उन्होंने कहा कि एक घूंट में ही जिंग का एहसास हो जाएगा।
क्विक कॉमर्स से होगी शुरुआत
गोल्ड स्पॉट 1993 में द कोका-कोला कंपनी के परिवार का हिस्सा बना था। कंपनी का कहना है कि अब यह अपने जाने-पहचाने स्वाद के साथ कम चीनी वाले पेय के रूप में समकालीन कैन में मिलेगा, जो पुराने ग्राहकों को वापस लाएगा और नई पीढ़ी को भी आकर्षित करेगा।
कंपनी इस ब्रांड को पहले क्विक कॉमर्स मंचों पर उपलब्ध कराएगी, जिनमें ब्लिंकिट, स्विगी इंस्टामार्ट, जेप्टो, फ्लिपकार्ट मिनट्स और अमेजन नाउ शामिल हैं। इससे द जिंग थिंग पुराने प्रशंसकों और पहली बार इसे आजमाने वालों, दोनों तक पहुंच सकेगा।