Delhi News: पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव और लाल सागर में हूती हमलों के कारण अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में भारी उछाल आया है। इसके बावजूद 24 जुलाई को भारतीय सरकारी तेल कंपनियों ने देश भर में पेट्रोल, डीजल, एलपीजी सिलेंडर और सीएनजी की कीमतों में कोई बदलाव न कर उपभोक्ताओं को राहत दी है।
ग्लोबल मार्केट में ब्रेंट क्रूड 100.80 डॉलर प्रति बैरल और वेस्ट टेक्सास इंटरमीडिएट क्रूड 92.54 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार कर रहा है। कच्चे तेल में प्रति बैरल 10 डॉलर की तेजी से ऑयल कंपनियों को प्रति लीटर लगभग 6 रुपये का घाटा होता है। हालांकि, देश की ऑयल मार्केटिंग कंपनियों ने फिलहाल खुदरा कीमतों को स्थिर रखा है।
देश के प्रमुख शहरों में पेट्रोल और डीजल के आज के भाव
राजधानी दिल्ली में शुक्रवार को पेट्रोल 102.12 रुपये और डीजल 95.20 रुपये प्रति लीटर बिक रहा है। वहीं लखनऊ में पेट्रोल 102.05 रुपये और डीजल 99.28 रुपये प्रति लीटर है। अयोध्या में पेट्रोल 102.40 रुपये और डीजल 99.27 रुपये है, जबकि जयपुर में पेट्रोल 112.66 रुपये और डीजल 97.78 रुपये प्रति लीटर की दर से उपलब्ध है।
बिहार की राजधानी पटना में पेट्रोल के दाम 112.70 रुपये और डीजल के दाम 99.87 रुपये प्रति लीटर पर बने हुए हैं। वैश्विक स्तर पर कच्चे तेल की कीमतों में लगातार तेजी के बावजूद घरेलू बाजार में लंबे समय से आम उपभोक्ताओं के लिए पेट्रोल और डीजल की खुदरा दरें स्थिर रखी गई हैं।
एलपीजी सिलेंडर और सीएनजी की कीमतों में नहीं हुआ बदलाव
घरेलू और कमर्शियल एलपीजी सिलेंडरों के दामों में भी आज राहत बरकरार है। दिल्ली में 14.2 किलोग्राम वाला घरेलू सिलेंडर 942 रुपये और 19 किलोग्राम वाला कमर्शियल सिलेंडर 2930 रुपये का है। पटना में घरेलू सिलेंडर 1031.50 रुपये, लखनऊ में 979.50 रुपये और रांची में 999.50 रुपये में उपलब्ध है।
सीएनजी की दरों में भी कोई बदलाव नहीं दर्ज किया गया है। दिल्ली-एनसीआर में सीएनजी 83.09 रुपये प्रति किलो पर स्थिर है। नोएडा, ग्रेटर नोएडा और गाजियाबाद में यह 91.70 रुपये, गुरुग्राम में 88.12 रुपये, जबकि कानपुर में 94.42 रुपये प्रति किलोग्राम की दर से बिक रही है।