सोने की कीमतों में गिरावट के बावजूद केंद्रीय बैंक क्यों कर रहे खरीदारी, निवेशकों पर क्या होगा असर

Share

- Advertisement -

Business News: दुनियाभर के केंद्रीय बैंक सोने की कीमतों में भारी गिरावट के बावजूद लगातार सोना खरीद रहे हैं। वर्ल्ड गोल्ड काउंसिल के आंकड़ों के मुताबिक, 2026 के शुरुआती नौ महीनों में केंद्रीय बैंकों ने शुद्ध रूप से 675 टन सोना खरीदा है। केवल तीसरी तिमाही में ही खरीद 321 टन रही, जो सालाना आधार पर 42 प्रतिशत अधिक है।

सोने का भाव जनवरी के रिकॉर्ड बंद स्तर 5,417 डॉलर प्रति औंस से करीब 35 प्रतिशत फिसलकर 25 नवंबर को 3,530 डॉलर प्रति औंस पर आ गया। इसके बावजूद केंद्रीय बैंकों की यह मजबूत मांग कीमतों में बड़ी गिरावट को थामने में नाकाम रही है, जिससे यह सवाल खड़ा हो गया है कि क्या संस्थागत खरीदारी सोने को मजबूत सहारा दे सकती है।

केंद्रीय बैंकों की खरीद में क्या रुझान दिख रहा है?

2022 के बाद से केंद्रीय बैंकों की सोने की खरीदारी ऐतिहासिक औसत से काफी ऊपर बनी हुई है। इसके पीछे डॉलर-आधारित संपत्तियों पर निर्भरता घटाने और रिजर्व विविधीकरण की मंशा प्रमुख है। 2026 के पहले नौ महीनों में पोलैंड (123 टन) और चीन (103 टन) सबसे बड़े खरीदारों में शामिल रहे। इसके अलावा उज्बेकिस्तान ने 57 टन और कजाकिस्तान ने करीब 44 टन सोना जोड़ा।

सभी देशों का रुख एक जैसा नहीं रहा। इस अवधि में तुर्की ने 82 टन सोना बेचा, जबकि रूस ने अपनी होल्डिंग 62 टन घटाई है। वर्ल्ड गोल्ड काउंसिल के अक्तूबर 2026 के चाइना गोल्ड मार्केट अपडेट के अनुसार, पीपुल्स बैंक ऑफ चाइना ने इस महीने करीब 26 टन सोना खरीदा, जो अक्तूबर 2023 के बाद सबसे बड़ी मासिक खरीद है।

पिछले वर्षों की खरीदारी पर नजर डालें तो 2010 से 2021 के बीच केंद्रीय बैंकों की औसत सालाना शुद्ध खरीद 470 टन रही थी। इसके बाद 2022 में 1,082 टन, 2023 में 1,030 टन, 2024 में 1,045 टन और 2025 में 860 टन सोना खरीदा गया। 2026 के पहले नौ महीनों में ही यह आंकड़ा 675 टन तक पहुंच गया है।

टेक और एआई शेयरों में बिकवाली से नरमी

28 जनवरी से 20 नवंबर के बीच ग्लोबल गोल्ड ईटीएफ होल्डिंग 89.5 करोड़ औंस पर स्थिर रही, जबकि हेज फंडों ने अगस्त के शिखर से अपनी नेट गोल्ड फ्यूचर्स पोजिशन 31 प्रतिशत घटाई है। लीवरेज्ड ट्रेडर्स की बिकवाली, मार्जिन कॉल और अन्य एसेट क्लास, खासकर टेक्नोलॉजी व आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस शेयरों में हुए नुकसान से पैदा हुई नकदी की जरूरतों ने इस गिरावट को हवा दी है।

गोल्ड ईटीएफ निवेशकों के लिए क्या मायने?

केंद्रीय बैंक आमतौर पर अल्पकालिक मुनाफे के बजाय दीर्घकालिक नजरिये, मुद्रा निर्भरता घटाने और भू-राजनीतिक अनिश्चितता से बचाव के लिए सोना जुटाते हैं। भारतीय गोल्ड ईटीएफ निवेशकों के लिए यह स्थिति दर्शाती है कि सोने की रणनीतिक अहमियत बनी हुई है, लेकिन केंद्रीय बैंकों की खरीद किसी पक्के निचले स्तर या तुरंत रिकवरी की गारंटी नहीं देती। अमेरिकी ब्याज दरें, डॉलर की मजबूती, सट्टेबाजी का प्रवाह और रुपये की चाल घरेलू सोने की कीमतों को प्रभावित करते रहेंगे।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News