Mumbai News: महाराष्ट्र में फूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन ने त्योहारी सीजन के दौरान मिलावटखोरों पर बड़ा एक्शन लिया है। मुंबई के बोरीवली स्थित राधाकृष्ण होटल में मैसूर मसाला डोसा में चूहा मिलने की शिकायत सामने आई। इसके बाद विभाग ने कड़ा कदम उठाते हुए होटल का लाइसेंस तुरंत प्रभाव से सस्पेंड कर दिया है।
अमित त्रिवेदी अपने परिवार के साथ दक्षिण भारतीय खाने का स्वाद लेने होटल पहुंचे थे। उन्होंने नाश्ते के लिए मैसूर मसाला डोसा ऑर्डर किया। कुछ निवाले खाने के बाद उन्हें प्लेट में चूहा दिखा। यह देखते ही उनकी तबीयत बिगड़ी और उल्टियां शुरू हो गईं। उन्होंने फौरन पुलिस को सूचना दी।
बोरीवली पुलिस स्टेशन की सीनियर पुलिस इंस्पेक्टर पुष्पलता मांडले ने बताया कि शिकायत मिलते ही मामला एफडीए को भेजा गया। एफडीए प्रमुख तुकाराम मुंढे के निर्देश पर टीम ने जांच शुरू की और होटल का लाइसेंस सस्पेंड कर दिया। पुलिस और खाद्य सुरक्षा अधिकारी अब इस पूरे मामले की गहनता से पड़ताल कर रहे हैं।
ऐतिहासिक क्यानी एंड कंपनी कैफे पर एफडीए का बड़ा एक्शन
विभाग के ‘सुरक्षित भोजन, सुरक्षित महाराष्ट्र’ अभियान के तहत 1904 से चल रहे ऐतिहासिक इरानी कैफे ‘क्यानी एंड कंपनी’ पर भी गाज गिरी। 27 सितंबर को हुई जांच में वहां चूहों की गंदगी, जिंदा मक्खियां, कॉकरोच और फ्रिज में जमा खून मिला। इसके बाद इस मशहूर कैफे का एफएसएसएआई लाइसेंस भी निलंबित कर दिया गया।
राज्यव्यापी अभियान में भारी मात्रा में खाद्य सामग्री जब्त हुई
23 से 27 सितंबर तक चले राज्यव्यापी अभियान में एफडीए ने 1.19 करोड़ रुपये मूल्य का करीब 50.60 टन खाद्य सामान जब्त किया। जांच टीमों ने मिठाइयां, दूध, तेल, मेवे और मसाले पकड़े हैं। नियमों का उल्लंघन करने पर पूरे राज्य के 30 प्रतिष्ठानों के लाइसेंस निरस्त किए गए हैं।
कार्रवाई के दौरान मुंबई के 13, कोंकण के 6, पुणे के 8 और संभाजीनगर के 3 प्रतिष्ठान बंद किए गए। प्रशासन ने इस मामले में कुल 22 एफआईआर दर्ज की हैं और 30 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने तीन दुकानों को पूरी तरह सील करके तीन गाड़ियां भी जब्त की हैं।