Delhi News: दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे पर रफ्तार नियंत्रित करने के लिए लगाए गए स्पीड मीटर सवालों के घेरे में हैं। पड़ताल में लुहारी और लांक के पास मीटर बंद पाए गए, जबकि गाजियाबाद के लोनी में कार की गति 90 किलोमीटर प्रति घंटा थी, लेकिन मीटर पर 150 दिखाई दी, जिससे वाहन चालकों के गलत चालान कट रहे हैं।
दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे का निर्माण करीब 11,868 करोड़ रुपये की लागत से किया गया है। इसकी लंबाई लगभग 210 किलोमीटर है। परियोजना की आधारशिला 26 फरवरी 2021 को रखी गई थी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 14 अप्रैल 2026 को इसका उद्घाटन किया। यह दिल्ली के अक्षरधाम से शुरू होकर गाजियाबाद, बागपत, शामली और सहारनपुर होते हुए देहरादून तक जाता है। इससे दिल्ली और देहरादून के बीच यात्रा का समय करीब ढाई घंटे होने की उम्मीद है।
कहां-कहां मिली गड़बड़ी
वाहन चालकों का आरोप है कि गलत रीडिंग के कारण उनके चालान कट रहे हैं। लुहारी के पास स्पीड मीटर काफी समय से बंद पड़ा है। जलालाबाद निवासी अनिरुद्ध ने बताया कि इसकी शिकायत के बावजूद मरम्मत नहीं हुई। लांक में भी मीटर बंद मिला, और यहां प्रतिबंध के बावजूद बाइक सवार एक्सप्रेसवे पर आते-जाते दिखाई दिए। खेकड़ा में 30 की गति पर 44 दर्ज हुई, जबकि बड़ौत और शामली के बीच 50 की रफ्तार पर डिस्प्ले ने 60 दिखाया। रीडिंग में अंतर से उपकरणों की तकनीकी जांच की जरूरत है। बिजरौल में बोर्ड पर बुढ़ाना दो किलोमीटर दिखाया गया है, जबकि वह 40 किलोमीटर दूर है। सामान्य हिस्सों में गति सीमा अधिकतम 100 किलोमीटर प्रति घंटा है, जबकि कुछ हिस्सों में कम सीमा लागू है।
गलत रीडिंग से तीन बार कटा चालान
बड़ौत निवासी पंकज कुमार बताते हैं कि गलत रीडिंग के कारण तीन बार चालान कट चुका है। उनका आरोप है कि 60 की गति पर मीटर ने 80 दिखाई। 70 से 80 की रफ्तार में चलने के बावजूद 150 से 200 तक रीडिंग दिखाई और दो हजार रुपये का चालान भरना पड़ा। झिंझाना निवासी शाहरुख के भी दो बार चालान कट चुके हैं। डांगरौल निवासी राजन जावला ने बताया कि वह डीएम और एनएचएआई अधिकारियों से शिकायत करेंगे। सपा के प्रदेश सचिव कपिल खाटियान ने भी गलत रीडिंग से वाहन चालकों को हो रही परेशानी दूर कराने की मांग की।
क्या बोले अधिकारी
शामली के जिलाधिकारी प्रवीण वर्मा ने कहा कि खराब स्पीड मीटर के कारण चालान कटने का मामला गंभीर है और मीटर ठीक कराने के लिए एनएचएआई को पत्र लिखा जाएगा। एनएचएआई बागपत के परियोजना निदेशक नरेंद्र कुमार ने कहा कि मामले की जानकारी नहीं है और मामले को दिखवाकर जल्द समाधान कराया जाएगा।