मिहिजाम में शादी समारोह के दौरान कॉफी मशीन में जोरदार विस्फोट, 10 वर्षीय बच्चे समेत छह लोग घायल

Share

- Advertisement -

Jamtara News: झारखंड के जामताड़ा जिले स्थित मिहिजाम नगर के बजरापाड़ा इलाके में बुधवार शाम एक शादी समारोह के दौरान कॉफी मशीन में अचानक जोरदार विस्फोट हो गया। इस हादसे में एक 10 वर्षीय बालक समेत कुल छह लोग घायल हो गए, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है।

जानकारी के अनुसार, बजरापाड़ा निवासी मोहम्मद रजाक के आवास पर बुधवार को शादी समारोह का आयोजन किया गया था। समारोह में बड़ी संख्या में रिश्तेदार और स्थानीय मेहमान शामिल हुए थे। मेहमानों की सुविधा के लिए कार्यक्रम स्थल पर कॉफी मशीन लगाई गई थी।

बुधवार शाम करीब आठ बजे कुछ मेहमान कॉफी लेने के लिए स्टॉल के पास एकत्रित हुए थे। इसी दौरान अचानक मशीन तेज धमाके के साथ फट गई। विस्फोट इतना तेज था कि मशीन के टुकड़े आसपास खड़े लोगों को जा लगे और समारोह स्थल पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी व दहशत का माहौल बन गया।

घायलों का स्थानीय नर्सिंग होम में हुआ उपचार

हादसे के तुरंत बाद मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए सभी छह घायलों को नजदीकी संस्कार नर्सिंग होम पहुंचाया। वहां चिकित्सकों द्वारा सभी का प्राथमिक उपचार किया गया। राहत की बात यह रही कि किसी को भी गंभीर चोट नहीं आई और उपचार के बाद सभी को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। घायल हुए मेहमान जामताड़ा और मधुपुर के निवासी बताए जा रहे हैं।

हाई वोल्टेज को बताया जा रहा संभावित कारण

इधर, कॉफी मशीन का संचालन कर रहे प्रकाश कुमार ने इस हादसे के पीछे बिजली के हाई वोल्टेज को संभावित कारण बताया है। उनका कहना है कि वोल्टेज में अचानक आई बढ़ोतरी के कारण मशीन में तकनीकी खराबी आई और वह फट गई। हालांकि, विस्फोट के वास्तविक कारणों की अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हो पाई है।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News