Shimla News: हिमाचल प्रदेश में हो रही मूसलाधार बारिश के कारण यूनेस्को विश्व धरोहर कालका-शिमला हेरिटेज रेलवे ट्रैक को भारी नुकसान हुआ है। तेज बारिश के चलते रेलवे लाइन के नीचे की मिट्टी पूरी तरह बह गई है। इसके कारण पटरी का एक हिस्सा हवा में लटक गया है।
सुरक्षा के लिहाज से रेलवे प्रशासन ने इस रेल मार्ग पर ट्रेनों की आवाजाही तुरंत रोक दी है। पटरी के नीचे से जमीन खिसकने के कारण आज 10 ट्रेनों को रद्द करना पड़ा है। इस घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आया है।
सोशल मीडिया पर सामने आया घटना का वीडियो
वायरल हो रहे वीडियो में रेलवे पटरी के नीचे का हिस्सा पूरी तरह खोखला और पानी में बहता हुआ दिखाई दे रहा है। पटरी को इस तरह हवा में झूलता देखकर हर कोई हैरान है। पहाड़ी इलाकों में लगातार हो रही भारी बारिश की वजह से जगह-जगह लैंडस्लाइड और जमीन धंसने की घटनाएं हो रही हैं।
रेलवे प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा ले रही हैं। पटरियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और मरम्मत कार्य को जल्द से जल्द पूरा करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। प्रशासन यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए फिलहाल स्थिति पर नजर बनाए हुए है।