Shimla News: हिमाचल प्रदेश भाजपा के मुख्य प्रवक्ता और सुंदरनगर से विधायक राकेश जम्वाल ने प्रदेश की सुक्खू सरकार पर ईंधन पर लगातार टैक्स बढ़ाने का गंभीर आरोप लगाया है। उन्होंने दावा किया कि मौजूदा सरकार ने पूर्ववर्ती सरकारों के मुकाबले सर्वाधिक कर लागू किया है।
राकेश जम्वाल ने कहा कि जनवरी 2023 में डीजल पर वैट की न्यूनतम दर 4.40 रुपये से बढ़ाकर 7.40 रुपये प्रति लीटर की गई थी। इसके बाद जुलाई 2023 में इसमें 3 रुपये की और बढ़ोतरी कर इसे 10.40 रुपये प्रति लीटर कर दिया गया, जिससे आम जनता परेशान है।
किसानों, बागवानों और ट्रांसपोर्टरों पर पड़ा अतिरिक्त आर्थिक बोझ
भाजपा नेता ने कहा कि ईंधन के दामों में लगातार की गई इस बढ़ोतरी से किसानों, बागवानों, ट्रांसपोर्टरों और आम वाहन चालकों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ा है। इससे दैनिक माल ढुलाई और यात्रा की लागत बढ़ गई है, जिससे हर वर्ग प्रभावित हुआ है।
जम्वाल ने आरोप लगाया कि अगस्त 2026 में सरकार ने पेट्रोल और डीजल पर ‘अनाथ एवं विधवा सेस’ के नाम से नया शुल्क लागू कर दिया है। 11 अगस्त की अधिसूचना के तहत 12 अगस्त से दोनों ईंधनों पर 60 पैसे प्रति लीटर अतिरिक्त सेस लगाया गया है।
बिजली, पानी और रजिस्ट्री शुल्क बढ़ाने पर भी सरकार को घेरा
जम्वाल ने सरकार की कर नीति पर सवाल उठाते हुए कहा कि इसका असर केवल पेट्रोल-डीजल तक सीमित नहीं है। राज्य सरकार ने बिजली, पानी, जमीन की पर्ची, रजिस्ट्री और स्टांप ड्यूटी के दामों में भी बढ़ोतरी कर जनता को राहत से वंचित किया है।
भाजपा विधायक ने सरकार से इस फैसले को तुरंत वापस लेने की मांग की है। उन्होंने स्पष्ट किया कि भाजपा इन जनविरोधी निर्णयों के खिलाफ सड़क से लेकर विधानसभा तक पुरजोर आवाज उठाएगी और सरकार को फैसले वापस लेने के लिए मजबूर करेगी।