Delhi News: संगठन को मजबूत करने के उद्देश्य से कॉकरोच जनता पार्टी ने अपनी राष्ट्रीय कार्यसमिति का गठन किया है। संस्थापक अभिजीत दीपके को राष्ट्रीय संयोजक नियुक्त किया गया है। सीजेपी के मुख्य प्रवक्ता सौरव दास और प्रवक्ता आशुतोष रांका को संगठन में सह-संयोजक की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
जमीनी स्तर पर संगठन का विस्तार करेगी पार्टी
संगठन के पदाधिकारियों ने बताया कि सीजेपी को फिलहाल राजनीतिक दल में नहीं बदला जाएगा। यह संगठन अभी धरातल पर जागरूकता फैलाने के लिए काम करेगा। राष्ट्रीय कार्यसमिति ने राष्ट्रीय नेतृत्व की पहली सूची को अपनी मंजूरी दे दी है। अगले छह महीनों में पूरे देश में राज्य और शहर स्तर पर इकाइयां गठित की जाएंगी।
विभिन्न विभागों में पदाधिकारियों को सौंपी गई कमान
पार्टी ने अजिंक्य शिंदे को राष्ट्रीय संगठन प्रभारी और दीपक बालियान को सह-प्रभारी बनाया है। आफरीन नवाज को राष्ट्रीय सचिव तथा विजय रेड्डी मल्लांगी को मीडिया प्रमुख की जिम्मेदारी दी गई है। इसके अलावा कानूनी, नीति, प्रौद्योगिकी और वित्त विभागों के प्रमुखों की भी नियुक्ति की गई है। चारों क्षेत्रों के नेतृत्व का निर्णय भी हो चुका है।
झारखंड में प्रदर्शनकारी छात्रों से मिलेगा प्रतिनिधिमंडल
संगठन वेबसाइट के जरिए सदस्यता अभियान शुरू कर रहा है। सीजेपी आम लोगों से कोई फंड एकत्र नहीं कर रही है। सीजेपी का एक प्रतिनिधिमंडल झारखंड में प्रदर्शन कर रहे छात्रों से मुलाकात करेगा। वहां परीक्षाओं में गड़बड़ी के खिलाफ 13 दिनों से विरोध प्रदर्शन जारी है और कई छात्र भूख हड़ताल पर बैठे हुए हैं।