सोना समझकर जिस पत्थर को तोड़ते रहे डेविड होल, वह निकला 4.6 अरब साल पुराना उल्कापिंड

Share

- Advertisement -

Victoria News: ऑस्ट्रेलिया के विक्टोरिया राज्य में सोना समझकर सालों तक तोड़ने की कोशिश किया गया भारी पत्थर 4.6 अरब साल पुराना उल्कापिंड निकला। वर्ष 2015 में मिले इस लगभग 17 किलोग्राम वजनी नमूने की मेलबर्न म्यूजियम के वैज्ञानिकों ने पुष्टि की और इसे ‘मैरीबरो उल्कापिंड’ नाम दिया गया।

यह घटना वर्ष 2015 की है, जब डेविड होल ऑस्ट्रेलिया के विक्टोरिया राज्य के मैरीबरो रीजनल पार्क में मेटल डिटेक्टर की मदद से सोना खोज रहे थे। इसी दौरान उन्हें पीली मिट्टी के बीच लाल-भूरे रंग का एक भारी पत्थर मिला। इलाका ऐतिहासिक गोल्डफील्ड्स क्षेत्र का हिस्सा होने के कारण उन्हें लगा कि पत्थर के भीतर सोने का बड़ा टुकड़ा हो सकता है, लेकिन जांच में यह अंतरिक्ष से आया उल्कापिंड साबित हुआ।

तोड़ने की तमाम कोशिशों के बाद म्यूजियम पहुंचे

डेविड होल उस पत्थर को घर ले आए और उसे तोड़ने के लिए रॉक सॉ, एंगल ग्राइंडर, ड्रिल मशीन, एसिड और भारी हथौड़े तक का इस्तेमाल किया, लेकिन पत्थर में दरार तक नहीं आई। कई वर्षों तक अपने पास रखने के बाद उन्होंने इसे मेलबर्न म्यूजियम ले जाने का निर्णय लिया।

मेलबर्न म्यूजियम के भूवैज्ञानिक डर्मोट हेनरी और बिल बर्च ने पत्थर की जांच कर इसके उल्कापिंड होने की पुष्टि की। डर्मोट हेनरी के अनुसार, अपने 37 वर्षों के करियर में हजारों नमूनों की जांच के दौरान आम लोगों द्वारा लाए गए पत्थरों में केवल दो ही असली उल्कापिंड निकले और यह उन्हीं में से एक था, जिसे ‘मैरीबरो उल्कापिंड’ नाम दिया गया।

17 किलोग्राम के उल्कापिंड की वैज्ञानिक अहमियत

लगभग 17 किलोग्राम भारी इस उल्कापिंड का छोटा हिस्सा डायमंड सॉ से काटकर जांचने पर इसमें बड़ी मात्रा में लोहा पाया गया और इसे H5 ऑर्डिनरी कॉन्ड्राइट श्रेणी का माना गया। इसके भीतर सिलिकेट मिनरल्स की छोटी क्रिस्टल जैसी बूंदें यानी कॉन्ड्र्यूल्स भी मिले, जो सौरमंडल के शुरुआती पदार्थों व विकास को समझने में सहायक हैं।

वैज्ञानिकों के मुताबिक, उल्कापिंडों में कई बार सौरमंडल के निर्माण से भी पुराने पदार्थ मिलते हैं और कुछ नमूनों में अमीनो एसिड जैसे कार्बनिक यौगिक भी पाए जाते हैं, जिस कारण ये शोध के लिहाज से महत्वपूर्ण होते हैं।

Read more

Related News