Lucknow News: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने तमिलनाडु के मदुरै में तिरुपरनकुंद्रम पहाड़ी के दीपथून स्तंभ पर दीप जलाने से जुड़े विवाद को लेकर सपा और कांग्रेस पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि यदि वहां भाजपा की सरकार होती तो दीप जलाने से कोई नहीं रोक सकता था।
28 नवंबर को तमिलनाडु के मदुरै स्थित तिरुपरनकुंद्रम पहाड़ी के ‘दीपथून’ स्तंभ पर दीप जलाया गया। रिपोर्ट के अनुसार, सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बावजूद राज्य सरकार द्वारा दीपम जलाने से इनकार किए जाने के बाद सुप्रीम कोर्ट ने सीआरपीएफ तैनात कर वहां दीपम जलाने का आदेश दिया था। इसी घटनाक्रम को लेकर सीएम योगी आदित्यनाथ ने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी को जोड़ते हुए बयान दिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यदि तमिलनाडु में भाजपा की सरकार होती तो दीप जलाने से कोई रोक नहीं सकता था और कोई भी आस्था से खिलवाड़ नहीं कर सकता था। उन्होंने तमिलनाडु की सत्ता को सपा व कांग्रेस की सोच से जोड़ते हुए उत्तर प्रदेश के मतदाताओं को चेताया कि यदि ऐसी सरकार यूपी में आई तो यहां भी यही स्थिति बन सकती है। उन्होंने कहा कि समाज को बांटने वाली ताकतों के मंसूबे कामयाब नहीं होने दिए जाने चाहिए।
अयोध्या दीपोत्सव का जिक्र और विपक्षी दलों पर तंज
मदुरै की घटना का उल्लेख करते हुए सीएम योगी ने अयोध्या के दीपोत्सव का उदाहरण दिया, जहां दीपावली के अवसर पर 36 लाख से अधिक दीप एक साथ प्रज्वलित किए गए थे। उन्होंने कहा कि एक ओर अयोध्या में ऐसा आयोजन होता है, जबकि दूसरी ओर मदुरै में सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बावजूद लोगों को दीपक जलाने से रोका गया।
योगी आदित्यनाथ ने तमिलनाडु की स्थिति के लिए वहां की राजनीतिक सोच को जिम्मेदार ठहराते हुए सपा के डीएनए और कांग्रेस संस्कृति का जिक्र किया। उनके अनुसार, ऐसे दल केवल वोट बैंक की चिंता करते हैं और नागरिकों की आस्था से उन्हें सरोकार नहीं होता, जबकि भाजपा शासित क्षेत्रों में खुशहाली और उजाला दिखता है।
कानून-व्यवस्था और एकजुटता पर बयान
उत्तर प्रदेश की कानून-व्यवस्था का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने यूरोप के कुछ देशों की स्थिति से तुलना की। उन्होंने कहा कि यूरोप के कई हिस्सों में आगजनी, तोड़फोड़ और लूटपाट जैसी घटनाएं दिख रही हैं, जबकि पूरे यूरोप महाद्वीप के बराबर आबादी वाले उत्तर प्रदेश में शांति बनी हुई है।
सीएम योगी ने कहा कि भाजपा शासन में प्रदेश में लूटपाट, कर्फ्यू या दंगे जैसी स्थिति नहीं है और उपद्रवी जानते हैं कि कानून तोड़ने पर क्या परिणाम भुगतने पड़ते हैं। संबोधन के अंत में उन्होंने लोगों से एकजुट रहने की अपील करते हुए कहा कि जहां समाज बंटा, वहां लोगों को नुकसान उठाना पड़ा।