10 लाख सैटेलाइट भेजने की स्पेसएक्स योजना पर पर्यावरण और अंतरिक्ष कचरे की चिंता

Share

- Advertisement -

New Delhi News: अमेरिकी नियामक एफसीसी ने स्पेसएक्स को 10 लाख सैटेलाइट लॉन्च करने की मंजूरी दी है, जिससे अंतरिक्ष में एआई डेटा सेंटर बनाने की योजना है। इस विशाल परियोजना को लेकर वैज्ञानिकों ने वायुमंडलीय उत्सर्जन, अंतरिक्ष कचरे में बढ़ोतरी और रात के आसमान के दृश्य बदलने की आशंका जताई है।

रॉयटर्स की रिपोर्ट के अनुसार, फेडरल कम्युनिकेशंस कमीशन (एफसीसी) ने स्पेसएक्स के स्टारमाइंड सैटेलाइट नेटवर्क को मंजूरी दी है। इसका उद्देश्य आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की बढ़ती कंप्यूटिंग जरूरतों को पूरा करना और अंतरिक्ष में डेटा सेंटर तैयार करना है। सैटेलाइट्स की यह संख्या पृथ्वी की कक्षा में मौजूद मौजूदा सक्रिय सैटेलाइट्स से कहीं अधिक है।

पर्यावरण और वायुमंडल पर संभावित असर

स्टारमाइंड परियोजना के तहत प्रत्येक सैटेलाइट के पंखों जैसी संरचना का फैलाव लगभग 75 मीटर (246 फीट) होगा। यूनिवर्सिटी कॉलेज लंदन के शोधकर्ताओं के हालिया अनुमान के मुताबिक, 10 लाख सैटेलाइट भेजने से रॉकेट लॉन्च और सैटेलाइट्स के वायुमंडल में दोबारा प्रवेश के दौरान होने वाला उत्सर्जन मौजूदा स्तर से 70 से 150 गुना तक बढ़ सकता है।

शोधकर्ताओं का कहना है कि इस उत्सर्जन से ओजोन परत, जलवायु और हवा की गुणवत्ता प्रभावित हो सकती है और स्पेसएक्स द्वारा दिए गए दस्तावेजों में इन खतरों का पूरा आकलन नहीं है। वहीं, एफसीसी ने कहा कि रॉकेट उत्सर्जन और अप्रत्यक्ष पर्यावरणीय असर उसके अधिकार क्षेत्र से बाहर हैं तथा वायुमंडल में सैटेलाइट जलने से होने वाले नुकसान के पर्याप्त सबूत उपलब्ध नहीं हैं।

अंतरिक्ष मलबे और टक्कर का खतरा

स्टारलिंक और प्रस्तावित स्टारमाइंड सैटेलाइट पृथ्वी की निचली कक्षा में संचालित होंगे, जहां पहले से ही बड़ी संख्या में उपग्रह और मलबा मौजूद है। यूरोपीय अंतरिक्ष एजेंसी (ईएसए) के अनुसार, 1 फरवरी तक पृथ्वी की कक्षा में 1 मिलीमीटर से 10 सेंटीमीटर आकार के 23.1 करोड़ से अधिक मलबे के टुकड़े दर्ज किए गए थे।

स्पेसएक्स ने एफसीसी को बताया है कि वह पहले परीक्षण के लिए सैटेलाइट्स को कम ऊंचाई वाली कक्षा में और बाद में अधिक ऊंचाई पर भेजेगा। कंपनी के अनुसार, सैटेलाइट्स में लगे प्रोपल्शन सिस्टम दिशा बदलने, कक्षा में बने रहने और सेवा समाप्त होने के बाद नियंत्रित तरीके से समुद्र के ऊपर वायुमंडल में प्रवेश कराकर उन्हें पूरी तरह जलाने में मदद करेंगे।

हालांकि, यूनिवर्सिटी ऑफ बर्मिंघम के प्रोफेसर ह्यू लुईस ने चेतावनी दी है कि यदि 1 फीसदी सैटेलाइट भी खराब होते हैं, तो हर साल हजारों निष्क्रिय सैटेलाइट अंतरिक्ष में भटक सकते हैं और टक्कर का खतरा बढ़ सकता है।

खगोल विज्ञान और रात के आसमान पर प्रभाव

FCC की मंजूरी के बाद अमेरिकन एस्ट्रोनॉमिकल सोसाइटी ने कहा कि ऐसे बड़े सैटेलाइट नेटवर्क से खगोलीय सुविधाओं पर दशकों के सार्वजनिक निवेश को नुकसान पहुंच सकता है और ब्रह्मांड का अध्ययन कठिन हो सकता है। प्रोफेसर ह्यू लुईस के अनुसार, सन-सिंक्रोनस कक्षा में रहने वाले सैटेलाइट्स पर लगातार सूरज की रोशनी पड़ने से खगोलीय तस्वीरों में बाधा आ सकती है।

क्या एक साथ 10 लाख सैटेलाइट भेजना संभव है

स्पेसएक्स के लिए एक साथ 10 लाख सैटेलाइट भेजना व्यावहारिक रूप से संभव नहीं है। कंपनी के एक रॉकेट से अब तक अधिकतम 143 सैटेलाइट भेजे गए हैं। कंपनियां अक्सर भविष्य में डिजाइन और नेटवर्क बदलाव की गुंंजाइश के लिए अधिक संख्या की मंजूरी लेती हैं, जैसे स्टारलिंक के लिए 42,000 सैटेलाइट की मंजूरी ली गई थी जबकि फिलहाल 11,000 से कुछ अधिक सैटेलाइट कक्षा में हैं।

एफसीसी की शर्तों के तहत स्पेसएक्स को नवंबर 2033 तक स्टारमाइंड का पहला सैटेलाइट, 2038 तक आधे सैटेलाइट और 2040 तक पूरा नेटवर्क तैनात करना होगा। अब तक किसी भी कंपनी ने अंतरिक्ष में 10 लाख वस्तुएं नहीं भेजी हैं।

Read more

Related News