Gorakhpur News: गोरखपुर के बेतियाहाता वार्ड संख्या 67 से पार्षद विश्वजीत त्रिपाठी उर्फ सोनू अपने समर्थकों के साथ समाजवादी पार्टी में शामिल हो गए हैं। सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने लखनऊ स्थित पार्टी कार्यालय में उन्हें सदस्यता दिलाई। विश्वजीत त्रिपाठी वही पार्षद हैं, जिनकी जलभराव के मुद्दे पर सांसद रवि किशन से फोन पर हुई बातचीत का वीडियो वायरल हुआ था।
गोरखपुर में भाजपा को उस समय झटका लगा है, जब बेतियाहाता वार्ड संख्या 67 के सभासद विश्वजीत त्रिपाठी ने समाजवादी पार्टी का दामन थाम लिया। लखनऊ के सपा कार्यालय में पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने विश्वजीत त्रिपाठी और उनके समर्थकों को सदस्यता दिलाई और उनका स्वागत किया।
इस अवसर पर विश्वजीत त्रिपाठी ने अखिलेश यादव को फरसा भेंट किया। सदस्यता ग्रहण करने वालों में गौरव राय कौशिक, राहुल सिंह, गिरिजेश यादव और सैफुल्लाह अंसारी भी शामिल रहे। कार्यक्रम में विनय शंकर तिवारी, एमएलसी चुनाव लड़ने वाले संजयन त्रिपाठी, काजल निषाद, बृजेश गौतम और अवधेश यादव सहित कई अन्य नेता मौजूद थे।
अखिलेश यादव का बिना नाम लिए रवि किशन पर तंज
सदस्यता दिलाने के दौरान अखिलेश यादव ने बिना नाम लिए गोरखपुर के सांसद रवि किशन पर निशाना साधा। अखिलेश ने कहा कि स्पेन की पोल खोलने वाले विश्वजीत त्रिपाठी को बधाई और वे अब साथ मिलकर काम करेंगे। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि गोरखपुर को स्पेन बनाने वाले लोगों ने उसे वेनिस बना दिया है, उन्हें अब वीजा तैयार रखना चाहिए और विदाई का समय आ गया है।
जलभराव को लेकर फोन कॉल और वायरल वीडियो की पृष्ठभूमि
विश्वजीत त्रिपाठी उर्फ सोनू करीब एक दशक से गोरखपुर की राजनीति में सक्रिय हैं और दो बार बेतियाहाता वार्ड से पार्षद चुने जा चुके हैं। कुछ महीने पहले भारी बारिश के दौरान जलभराव की समस्या को लेकर उन्होंने सांसद रवि किशन को फोन किया था। इस बातचीत का वीडियो उन्होंने खुद सोशल मीडिया पर साझा किया था, जो चर्चा में रहा।
उस वायरल वीडियो में पार्षद द्वारा जलभराव पर सवाल उठाने के बाद रवि किशन ने तंज भरे लहजे में पूछा था कि क्या पार्षद जी सपा जॉइन कर लिए हैं। इसके बाद अब विश्वजीत त्रिपाठी के सपा में शामिल होने से स्थानीय सियासत में यह मामला फिर सुर्खियों में आ गया है।