बिहार पुलिस के सिपाही शशि भूषण कुमार की डेढ़ करोड़ की अवैध संपत्ति जब्त, पटना में दो होटल भी शामिल

Share

- Advertisement -

Patna News: पटना में निगरानी विशेष अदालत ने शुक्रवार को तत्कालीन पीटीसी सिपाही की 1,41,21,626 रुपये की अवैध संपत्ति जब्त करने का आदेश दिया है। संपत्ति सिपाही शशि भूषण कुमार, उसकी दोनों पत्नियों और तीन भाइयों के नाम पर अर्जित की गई थी। अदालत ने सभी प्रतिवादियों से कहा है कि वे 30 दिनों के भीतर यह संपत्ति डीएम को सौंप दें।

निगरानी के विशेष लोक अभियोजक राजेश कुमार ने बताया कि सिपाही ने भागलपुर पुलिस और निगरानी में तैनाती के दौरान अपने पद का दुरुपयोग किया। उसने अपने नाम के साथ पत्नी नुनू देवी और अस्मिता देवी तथा तीन भाइयों शशि शेखर कुमार, चन्द्रेशखर शर्मा और राम बच्चन शर्मा के नाम पर अवैध संपत्ति अर्जित की। उसने जहानाबाद, मखदुमपुर और पटना के आलमगंज, पुनपुन व विग्रहपुर में कई प्लॉट खरीदे। बैंकों में लाखों रुपये जमा करने के साथ उसने एलआईसी में भी निवेश किया था। अगर 30 दिनों में संपत्ति नहीं सौंपी गई, तो डीएम को उसे जब्त करने का आदेश दिया गया है।

2019 में दर्ज हुआ था मुकदमा

निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने 23 मार्च 2019 को आरोपी सिपाही के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति का मामला दर्ज किया था। जांच में सामने आया कि उसके और परिजनों के नाम पर 1.41 करोड़ रुपये से अधिक की अवैध चल-अचल संपत्ति थी। इसके बाद ब्यूरो ने भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत आरोपपत्र दाखिल किया। संपत्ति जब्त करने के लिए निगरानी अदालत में मुकदमा भी दायर किया गया।

पटना में पांच मंजिला मकान, सात मंजिला होटल

सुनवाई के बाद न्यायाधीश ब्रजेश कुमार पाठक ने जब्ती का फैसला सुनाया। आरोपी सिपाही ने भ्रष्टाचार की कमाई से राजधानी के जक्कनपुर के विग्रहपुर में एक पांच मंजिला और एक सात मंजिला होटल भी बनाया है। इनकी मौजूदा कीमत करोड़ों रुपये में है। आरोपी सिपाही मखदुमपुर का रहने वाला है। वर्दी का रौब दिखाकर उसने नाजायज संपत्ति बनाई और अपने सगे संबंधियों को भी फायदा पहुंचाया।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News