Haridwar News: हरिद्वार में 2027 का अर्धकुंभ मेला 1 जनवरी से अप्रैल तक चलेगा, जिसमें लाखों श्रद्धालु गंगा स्नान करेंगे। इस दौरान कुल 10 स्नान पर्व पड़ेंगे, जिनमें 4 अमृत स्नान शामिल हैं। पहला अमृत स्नान 6 मार्च 2027 को महाशिवरात्रि पर होगा, जबकि अंतिम अमृत स्नान 20 अप्रैल को चैत्र पूर्णिमा पर होगा।
साल 2027 में देवभूमि हरिद्वार में आस्था और भक्ति का संगम देखने को मिलेगा, जब अर्धकुंभ मेले के दौरान लाखों लोग गंगा के किनारे पवित्र स्नान करने के लिए जुटेंगे। कोई पुण्य पाने के लिए गंगा नदी में डुबकी लगाएगा, तो कोई खास स्नान पर्वों पर हरिद्वार पहुंचकर अपनी हाजिरी लगाएगा। इस मेले में कई बड़े स्नान होंगे, जिनमें अमृत स्नान का खास महत्व है।
हरिद्वार अर्धकुंभ 2027 कब से शुरू होगा?
हरिद्वार अर्धकुंभ मेले की तैयारियां 1 जनवरी 2027 से शुरू हो जाएंगी। जनवरी से चलने वाला यह मेला अप्रैल के महीने में समापन होगा। वहीं 14 जनवरी 2027 को गंगा स्नान का खास दिन है। मेले का आखिरी स्नान 20 अप्रैल को होगा। इस दौरान कुल 10 स्नान पर्व पड़ेंगे, जिनमें 4 बार अमृत स्नान का मौका मिलेगा।
हरिद्वार अर्धकुंभ 2027 में कब-कब होगा अमृत स्नान?
6 मार्च 2027 को पहला अमृत स्नान महाशिवरात्रि पर होगा। 8 मार्च 2027 को दूसरा प्रमुख स्नान फाल्गुन अमावस्या पर होगा। 14 अप्रैल 2027 को तीसरा अमृत स्नान बैसाखी के दिन होगा। 20 अप्रैल 2027 को चैत्र पूर्णिमा पर अंतिम अमृत स्नान के साथ प्रमुख स्नान पर्वों का समापन होगा।
हरिद्वार अर्धकुंभ 2027 में अन्य प्रमुख स्नान कब होंगे?
14 जनवरी 2027 को मकर संक्रांति पर, 6 फरवरी 2027 को मौनी अमावस्या पर, 11 फरवरी 2027 को वसंत पंचमी पर, 7 अप्रैल 2027 को हिंदू नववर्ष पर, 15 अप्रैल 2027 को राम नवमी पर और 20 फरवरी 2027 को माघ पूर्णिमा पर स्नान होगा।
अर्धकुंभ, पूर्णकुंभ और महाकुंभ में क्या अंतर है?
अर्धकुंभ मेले का आयोजन केवल 2 जगहों पर प्रयागराज और हरिद्वार में होता है। हर 6 साल के अंतराल में अर्धकुंभ आयोजित किया जाता है। पूर्णकुंभ प्रत्येक 12 सालों में लगता है। भारत में कुल 4 स्थानों पर पूर्णकुंभ (प्रयागराज, हरिद्वार, उज्जैन और नासिक त्र्यंबकेश्वर) आयोजित किया जाता है। महाकुंभ तब होता है जब लगातार 12 पूर्णकुंभ पूरे होते हैं। 12 महाकुंभ पूरे होने में करीब 144 सालों का समय लग जाता है, इसीलिए आमतौर पर एक पीढ़ी दूसरा महाकुंभ नहीं देख पाती है। आखिरी महाकुंभ साल 2025 में लगा था, जिसे प्रयागराज में आयोजित किया गया था। इस हिसाब से अब अगला महाकुंभ 144 साल बाद यानी साल 2169 में लगेगा।
कुंभ में स्नान करने की मान्यता
माना जाता है कि हरिद्वार, उज्जैन, नासिक और प्रयागराज में अमृत कलश से कुछ बूंदें छलककर गिरी थीं। कुंभ मेले का स्थान निर्धारित करने में सूर्य, चंद्रमा और बृहस्पति की स्थिति देखी जाती है। इसी से तय किया जाता है कि पूर्णकुंभ किस स्थान पर आयोजित किया जाना है। मान्यता है कि कुंभ मेले के दौरान गंगा नदी में डुबकी लगाने से व्यक्ति को मोक्ष की प्राप्ति होती है।
हर की पौड़ी में गंगा स्नान का महत्व
हरिद्वार जाने वाले श्रद्धालु हर की पौड़ी में जरूर स्नान करते हैं। यहां बनाए गए ब्रह्मकुंड को काफी पवित्र माना जाता है। मान्यता है कि समुद्र मंथन के दौरान अमृत कलश से कुछ बूंदें इसी स्थान पर गिरी थीं। इसलिए कुंभ और अर्धकुंभ मेले के दौरान देशभर से लोग यहां पवित्र स्नान करने के लिए आते हैं। कहा जाता है कि ब्रह्मकुंड में भगवान विष्णु के चरण चिह्न हैं। ऐसे में यहां गंगा में डुबकी लगाने से व्यक्ति को मोक्ष की प्राप्ति होती है और घर में सुख-शांति मिलती है। हर की पौड़ी पर सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ जुटने लगती है। शाम होने के बाद गंगा आरती और दीपदान का नजारा भी देखने लायक होता है।