India News: केंद्र ने जाकिर नाइक के इस्लामिक रिसर्च फाउंडेशन (IRF) पर शिकंजा कसते हुए राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को UAPA की धारा 7 और 8 के तहत अधिकार सौंप दिए हैं। राज्य सरकारें संगठन के फंड और संपत्तियों के इस्तेमाल पर रोक लगा सकेंगी और परिसरों को अधिसूचित कर सकेंगी। गृह मंत्रालय ने गुरुवार को अधिसूचना जारी की।
गृह मंत्रालय ने UAPA की धारा 42 के तहत अपनी शक्तियां राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को सौंपी हैं। धारा 7 के तहत राज्य सरकारें संगठन के फंड, प्रतिभूतियों और अन्य वित्तीय संपत्तियों के इस्तेमाल और लेन-देन पर रोक लगा सकेंगी, जबकि अधिकृत अधिकारी इस संबंध में जांच कर सकेंगे। धारा 8 के तहत राज्य सरकारें संगठन के परिसरों को अधिसूचित कर सकेंगी, उन तक पहुंच को नियंत्रित कर सकेंगी और चल संपत्ति पर रोक लगा सकेंगी।
नए निर्देश के साथ राज्य और केंद्र शासित प्रदेश के अधिकारी अब IRF के संबंध में इन शक्तियों का स्वतंत्र रूप से इस्तेमाल कर सकेंगे, इसके लिए केवल केंद्र की पहल पर निर्भर नहीं रहना होगा। संगठन को पहली बार 2016 में गैरकानूनी संगठन घोषित किया गया था, जब उस पर विभिन्न धार्मिक समुदायों के बीच शत्रुता और नफरत फैलाने के आरोप लगे थे। महाराष्ट्र के रहने वाले नाइक 2016 में संगठन पर प्रतिबंध लगने के समय विदेश में थे।
13 नवंबर को पांच साल के लिए बढ़ाया गया था प्रतिबंध
इस्लामिक रिसर्च फाउंडेशन को 13 नवंबर 2026 को UAPA की धारा 3(1) और 3(3) के तहत गैरकानूनी संगठन घोषित किया गया था और उस पर लगा प्रतिबंध पांच साल के लिए बढ़ा दिया गया था। पिछला प्रतिबंध 14 नवंबर को समाप्त होना था। संगठन पर पहली बार 2016 में प्रतिबंध लगाया गया था।
नाइक 2016 से मलेशिया में, पासपोर्ट 2017 में रद्द
जाकिर नाइक 2016 से मलेशिया में रह रहे हैं। उनके खिलाफ राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (NIA) का मामला दर्ज होने के बाद 2017 में उनका पासपोर्ट रद्द कर दिया गया था। इंटरपोल से रेड कॉर्नर नोटिस जारी कराने के प्रयास मई 2017 में किए गए, दिसंबर 2017 में यह समय से पहले माना गया, 24 नवंबर 2017 को नया वारंट जारी हुआ और 3 जनवरी 2018 को अनुरोध नवीनीकृत किया गया, जिसका जवाब अभी प्रतीक्षित है। मलेशिया से उनके प्रत्यर्पण का अनुरोध 19 जनवरी 2018 को भेजा गया था।