सीकरी बवाल: 32 नामजद में से 16 पर ही चार्जशीट, बाकी आरोपी तीन महीने बाद भी फरार

Share

- Advertisement -

Badaun News: बदायूं के सीकरी गांव में आंबेडकर प्रतिमा विवाद पर हुए बवाल में 32 नामजद आरोपियों में से केवल 16 के खिलाफ चार्जशीट दाखिल हुई है। घटना के तीन महीने बाद भी बाकी 16 आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं। 90 दिन की समय सीमा पूरी होने पर न्यायालय में आरोपपत्र दाखिल किया गया।

अंकित गुप्ता, बदायूं के अनुसार, फैजगंज बेहटा थाना क्षेत्र के गांव राजा की सीकरी में आंबेडकर प्रतिमा लगाने को लेकर हुए बवाल में पुलिस की कार्रवाई 16 गिरफ्तारियों और आरोपपत्र दाखिल कर ठहर गई है। 32 महिला-पुरुषों को नामजद करते हुए मुकदमा दर्ज कराया गया था, लेकिन अब तक आधे आरोपित ही पुलिस के हाथ लग सके हैं।

गिरफ्तार किए गए सभी 16 आरोपितों के खिलाफ 90 दिन की समय सीमा पूरी होने के चलते न्यायालय में आरोपपत्र दाखिल कर दिया गया। बाकी 16 आरोपितों की गिरफ्तारी नहीं हो सकी।

25 अगस्त को प्रतिमा विवाद से शुरू हुआ था बवाल

25 अगस्त को गांव में ग्राम समाज की खलिहान की जमीन पर डा. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा स्थापित करने को लेकर विवाद शुरू हुआ था। बिना अनुमति प्रतिमा लगाने की सूचना पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे थे।

अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाया कि सार्वजनिक जमीन पर प्रतिमा स्थापित करने के लिए निर्धारित प्रक्रिया और अनुमति जरूरी है। इसके बावजूद प्रतिमा लगाने की मांग पर अड़े ग्रामीणों और प्रशासन के बीच सहमति नहीं बन सकी।

दिनभर चले विरोध के बाद शाम को स्थिति बिगड़ गई। भीड़ ने पुलिस प्रशासन की टीम पर पथराव कर दिया। इसमें पुलिसकर्मियों समेत कई लोग घायल हुए और एसडीएम, तहसीलदार, नायब तहसीलदार, पुलिस तथा अग्निशमन विभाग के वाहनों को क्षति पहुंची थी।

करीब ढाई घंटे तक चले बवाल के बाद पुलिस ने बल प्रयोग कर स्थिति संभाली। प्रतिमा को सुरक्षित रखवा दिया गया था। तत्कालीन इंस्पेक्टर सुभाष कुमार की तहरीर पर 32 नामजद समेत अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था।

इसके अलावा ग्राम समाज की जमीन पर कब्जे के प्रयास को लेकर ग्राम प्रधान की ओर से अलग मुकदमा भी दर्ज कराया गया था। शुरुआती कार्रवाई में पुलिस ने कई आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेजा।

तीन बार बदली विवेचना, बाकी आरोपियों की तलाश जारी

तीन सितंबर को बवाल की विवेचना तत्कालीन इंस्पेक्टर सुभाष कुमार से हटाकर वजीरगंज इंस्पेक्टर अश्वनी कुमार को सौंपी गई, जिसे बाद में बिसौली इंस्पेक्टर सर्वेंद्र शर्मा को इसकी जिम्मेदारी मिली।

अब उनकी ओर से ही अब तक गिरफ्तार हुए मुनेश कुमार, अमरपाल, उदयवीर, मोहित, नेम सिंह, मेघ सिंह, अमन, शिवम, दिनेश, हरवेंद्र उर्फ महावीर सिंह, सुनील, संदीप समेत 16 आरोपितों के खिलाफ आरोपपत्र दाखिल किया गया है।

जबकि शेष 16 की गिरफ्तारी नहीं हो सकी। सीओ बिसौली अंशुमान श्रीवास्तव ने बताया कि समय सीमा पूरी होने के चलते 16 पर चार्जशीट लगी है, बाकी अभी अग्रिम विवेचना जारी है। अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News