Shimla News: हिमाचल प्रदेश हाई कोर्ट ने स्पष्ट किया है कि बिना विरोध भर्ती प्रक्रिया और साक्षात्कार में शामिल होने वाले उम्मीदवार परिणाम आने के बाद चयन नियमों या प्राथमिकता को चुनौती नहीं दे सकते। कोर्ट ने वर्ष 2014 की पशुपालन परिचारक भर्ती को चुनौती देने वाली याचिका खारिज कर दी।
हिमाचल प्रदेश हाई कोर्ट ने स्पष्ट किया है कि यदि कोई उम्मीदवार बिना किसी विरोध के भर्ती प्रक्रिया और साक्षात्कार में शामिल होता है, तो परिणाम घोषित होने के बाद वह चयन के नियमों या प्राथमिकता न दिए जाने को चुनौती नहीं दे सकता।
न्यायाधीश जिया लाल भारद्वाज ने अपने फैसले में पशुपालन विभाग में चतुर्थ श्रेणी भर्ती को चुनौती देने वाली याचिका को खारिज कर दिया।
याचिकाकर्ता संजय कुमार और अन्य को वर्ष 2002 में जिला ग्रामीण विकास अभिकरण, मंडी की एक योजना के तहत सरकारी खर्च पर महाराष्ट्र के एक संस्थान में कृत्रिम गर्भाधान और दुग्ध उत्पादन से जुड़ा दो महीने का प्रशिक्षण दिया गया था।
वर्ष 2014 में पशुपालन विभाग ने अनुबंध आधार पर ‘पशुपालन परिचारक’ (चतुर्थ श्रेणी) के पदों के लिए विज्ञापन जारी किया। याचिकाकर्ताओं ने भी साक्षात्कार में भाग लिया, लेकिन मेरिट सूची में उनका चयन नहीं हो सका।
इसके बाद उन्होंने 24 नवंबर, 2014 के परिणाम को यह कहते हुए चुनौती दी कि सरकारी खर्च पर प्रशिक्षण लेने और हाई कोर्ट के 2011 के एक पुराने आदेश के आधार पर उन्हें नियुक्ति में प्राथमिकता मिलनी चाहिए थी।
राज्य सरकार का तर्क
राज्य सरकार ने अदालत को बताया कि वर्ष 2002 का प्रशिक्षण स्वरोजगार को बढ़ावा देने के लिए था, न कि सरकारी नौकरी की गारंटी देने के लिए।
सरकार के अनुसार, चतुर्थ श्रेणी के अकुशल पद के लिए किसी विशेष प्रशिक्षण या अनुभव की शर्त नहीं थी और चयन पूरी तरह साक्षात्कार की मेरिट के आधार पर हुआ है।
साक्षात्कार से पहले अदालत आना चाहिए था
हाई कोर्ट ने दोनों पक्षों को सुनने के बाद कहा कि 23 अक्टूबर, 2014 के भर्ती विज्ञापन में प्रशिक्षित उम्मीदवारों को किसी भी तरह की प्राथमिकता देने का कोई प्रावधान नहीं था। अदालत ने कहा कि यदि याचिकाकर्ताओं को विज्ञापन की शर्तों से आपत्ति थी, तो उन्हें साक्षात्कार में बैठने से पहले अदालत आना चाहिए था।
हाई कोर्ट ने स्पष्ट किया कि बिना विरोध साक्षात्कार में शामिल होने और असफल रहने के बाद चयन प्रक्रिया को चुनौती देने का उनका अधिकार समाप्त हो जाता है। इन टिप्पणियों के साथ कोर्ट ने याचिका खारिज कर दी।