India News: एसीसी मेन्स एशिया कप राइजिंग स्टार्स 2026 में यूएई के खिलाफ महज 52 गेंद में दोहरा शतक जड़ने वाले वैभव सूर्यवंशी अपनी कमाई को लेकर भी चर्चा में हैं। 15 साल के वैभव ने आईपीएल डेब्यू के साथ ही करोड़ों की कमाई शुरू कर दी थी और रिपोर्ट्स के मुताबिक उनकी कुल संपत्ति करीब 4-5 करोड़ रुपये है।
दोहा के क्रिकेट ग्राउंड पर इंडिया-ए और यूएई के बीच मुकाबले में वैभव के बल्ले से 28 छक्के और 7 चौके निकले थे। वैभव बिहार से आते हैं और बाएं हाथ के बल्लेबाज हैं। उन्होंने 14 साल की उम्र में आईपीएल 2025 में डेब्यू किया था और राजस्थान रॉयल्स ने उन्हें 30 लाख रुपये के बेस प्राइस के मुकाबले नीलामी में 1.1 करोड़ रुपये में खरीदा था। आईपीएल 2026 में 15 साल की उम्र में वैभव को इसी प्राइस पर रिटेन किया गया, यानी दो आईपीएल सीजन में उन्होंने 2.2 करोड़ रुपये कमाए।
आईपीएल 2026 में अपनी विस्फोटक परफॉर्मेंस के दम पर 15 साल के वैभव ने सबसे कम उम्र में ऑरेंज कैप पर कब्जा जमाया था और किसी एक टी20 टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा छक्के लगाने का विश्व रिकॉर्ड भी बनाया था।
आईपीएल की फीस के अलावा वैभव को अपनी ताबड़तोड़ पारियों के लिए इनाम भी मिलते रहे हैं। आईपीएल 2026 में उन्होंने सबसे ज्यादा छक्कों के लिए 10 लाख रुपये, ‘इमर्जिंग प्लेयर ऑफ द सीजन’ बनने पर 10 लाख रुपये, ‘मोस्ट वैल्युएबल प्लेयर ऑफ द सीजन’ रहने पर 15 लाख रुपये और ऑरेंज कैप जीतने पर 10 लाख रुपये का कैश प्राइस जीता था।
अंडर-19 क्रिकेट समेत अलग-अलग फॉर्मेट में खेलने पर भी वैभव को मोटी कमाई होती है। अंडर-19 क्रिकेट में खेलने पर उन्हें हर मैच के 20 हजार रुपये मिलते हैं। वैभव सूर्यवंशी की नेटवर्थ का सटीक आंकड़ा मौजूद नहीं है, लेकिन रिपोर्ट्स की मानें तो उनकी कुल संपत्ति करीब 4-5 करोड़ रुपये है।
ब्रांड एंडोर्समेंट से भी कमाई
क्रिकेट के अलावा कई बड़े ब्रांड्स से जुड़कर भी वैभव की तगड़ी कमाई होती है। बिजनेस टुडे की एक रिपोर्ट के मुताबिक, क्रिकेट इक्विपमेंट पार्टनरशिप के जरिए वे सरीन स्पोर्ट्स इंडस्ट्रीज (एसएस) से जुड़े हैं और कंपनी ने एक खास ‘वैभव सूर्यवंशी एडिशन’ बैट रेंज भी पेश की है।
इसके अलावा जाइडस वेलनेस के ब्रांड कॉम्प्लान ने वैभव सूर्यवंशी को अपना ब्रांड एंबेसडर बनाया था और वे गूगल पे के एक कैंपेन में भी नजर आते हैं। बीते मई 2026 में झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने सूर्यवंशी को राज्य के स्वास्थ्य विभाग का एंबेसडर बनाने की योजना का ऐलान किया था।