Shimla News: हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड ने बकाया बिजली बिलों की वसूली को लेकर सख्त रुख अपनाया है। जमा सिक्योरिटी राशि से अधिक बकाया होने पर सीधे बिजली कनेक्शन काटने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी, साथ ही सरकारी विभागों से भी बकाया वसूली तेज करने के निर्देश दिए गए हैं।
हिमाचल प्रदेश में बिजली बिलों का समय पर भुगतान न करने वाले उपभोक्ताओं के खिलाफ अब राज्य विद्युत बोर्ड (HPSEBL) सख्त कार्रवाई करने जा रहा है। बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि उपभोक्ता की जमा सिक्योरिटी राशि से अधिक बकाया बिल होते ही सीधे बिजली कनेक्शन काटने की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी।
इसके लिए उपभोक्ताओं को बार-बार नोटिस जारी करने या भुगतान के लिए याद दिलाने की औपचारिकता नहीं निभाई जाएगी।
समीक्षा बैठक में एमडी ने दिए सख्त निर्देश
बिजली बोर्ड के प्रबंध निदेशक (MD) आदित्य नेगी की अध्यक्षता में हुई उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक में लंबित बिलों और राजस्व वसूली को लेकर कड़े फैसले लिए गए। बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि बिल जमा करने की अंतिम तिथि बीतने के बाद लापरवाही बरतने वाले उपभोक्ताओं पर तत्काल कार्रवाई की जाए।
प्रबंधन का मानना है कि बार-बार नोटिस भेजने में समय बर्बाद करने के बजाय सीधे वसूली और कनेक्शन काटने पर ध्यान केंद्रित किया जाना चाहिए।
वित्तीय स्थिति सुधारने के लिए उठाया कदम
बोर्ड प्रबंधन के अनुसार, समय पर बिलों की वसूली न होने से बोर्ड की आर्थिक स्थिति पर असर पड़ रहा है। प्रदेश में बिजली बोर्ड के करीब 28 लाख उपभोक्ता हैं, जिनमें घरेलू, व्यावसायिक और औद्योगिक श्रेणी के उपभोक्ता शामिल हैं।
इन सभी से मिलने वाले मासिक राजस्व पर बोर्ड की वित्तीय व्यवस्था निर्भर करती है। राजस्व वसूली को प्रभावी बनाने के लिए यह सख्ती जरूरी मानी जा रही है।
सरकारी विभागों पर भी कसेगा शिकंजा
आम उपभोक्ताओं के साथ-साथ प्रदेश के कई सरकारी विभागों के पास भी लंबे समय से भारी बिजली बिल लंबित पड़े हैं। सरकारी विभागों की इस बकाया राशि से बोर्ड के खजाने पर अतिरिक्त दबाव पड़ रहा है।
इसे गंभीरता से लेते हुए एमडी ने अधिकारियों को सरकारी विभागों से भी बकाया वसूली में तेजी लाने और इसकी नियमित समीक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।