Meerut News: मेरठ के सदर बाजार थाना क्षेत्र के आबूलेन स्थित एक होटल में मंगलवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवती ‘बचाओ-बचाओ’ चिल्लाते हुए होटल से बाहर भागने लगी। उसके पीछे आया एक युवक उसे पकड़कर वापस होटल के अंदर खींचने लगा। युवती की चीख-पुकार सुनकर आसपास के दुकानदार और राहगीर मौके पर जुट गए।
सोमवार से बंधक बनाने का आरोप
युवती ने आरोप लगाया कि उसे सोमवार से होटल में बंधक बनाकर रखा गया था। मंगलवार को मौका मिलने पर वह बाहर निकली और लोगों से मदद मांगने लगी। युवती ने आरोपी की पहचान कंकरखेड़ा निवासी सलमान के रूप में बताई। उसका आरोप है कि होटल में बंधक बनाकर उसे जबरन अपने कब्जे में रखा हुआ था। युवती गाजियाबाद की रहने वाली बताई गई है।
जानकारी के अनुसार, युवती की सलमान से करीब एक साल पहले मुलाकात हुई थी और दोनों एक निजी कंपनी में काम करते थे। कुछ महीने पहले युवती की शादी दूसरी जगह तय हो गई, जिसके बाद उसने नौकरी छोड़ दी। आरोप है कि सलमान लगातार उससे मिलने का प्रयास कर रहा था और उस पर जबरन शादी का दबाव बना रहा था। दो दिन पहले युवती अपनी सहेली के घर मेरठ आई थी, तभी सलमान ने उसे नौकरी दिलाने के बहाने बुलाकर आबूलेन मार्केट के होटल स्क्वायर में ले जाकर कमरे में बंद कर दिया। युवती का आरोप है कि आरोपी चाकू दिखाकर धमकाता था और कहता था कि अगर वह उसकी नहीं हुई तो किसी और की भी नहीं होने दूंगा।
भीड़ बढ़ती देख युवक होटल की छत पर पहुंचा और वहां से कूदकर फरार हो गया। पूरी घटना होटल में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई और इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। लोगों ने युवती को बचाने के लिए होटल में घुसने का प्रयास किया, लेकिन आरोप है कि होटल कर्मचारियों ने उन्हें रोक दिया।
पुलिस ने क्या कहा
घटना की जानकारी मिलने पर अखिल भारत हिंदू सुरक्षा संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष सचिन सिरोही मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। सदर बाजार पुलिस ने मौके पर पहुंचकर युवती से पूछताछ की और उसे सुरक्षित थाने ले गई। सीओ सदर कैंट संजय गुप्ता ने बताया कि 24 नवंबर को सदर बाजार थाने पर आबूलेन स्थित होटल में युवक और युवती के बीच झगड़े की सूचना मिली थी। पुलिस युवती के बयानों और तहरीर के आधार पर मामले की जांच कर रही है और होटल कर्मचारियों की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है।
मेरठ पुलिस ने आरोपी सलमान के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 115(2), 127(2) और 351(3) के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है और उसकी गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित कर दी हैं। होटल में युवती को बिना पहचान पत्र के कमरा देने का आरोप भी लगा है, जिसकी जांच की जा रही है। हिंदू संगठनों ने आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई और होटल पर कार्रवाई की मांग की है।