Fatehabad News: फतेहाबाद जिले के किसानों को खेतों से गुजरने वाली 400 केवी की बिजली लाइन के लिए प्रति एकड़ डेढ़ करोड़ से छह करोड़ रुपये तक का मुआवजा मिल रहा है। भूमि की लोकेशन और प्रशासनिक सर्वे के आधार पर तय दरों पर यह राशि किसानों के बैंक खातों में सीधे भेजी जा रही है।
जागरण संवाददाता के अनुसार, लंबे इंतजार के बाद प्रभावित किसानों के बैंक खातों में मुआवजा राशि जारी होने का सिलसिला शुरू हो गया है। जिन किसान परिवारों की भूमि में आपसी पारिवारिक विवाद नहीं है, उनके खातों में सीधे राशि भेज दी गई है। आपसी विवाद के चलते कई किसानों को अभी मुआवजा नहीं मिला है।
किसान हुए मालामाल
इस परियोजना के तहत एक कनाल से लेकर चार कनाल भूमि पर बिजली के बड़े टावर लगाए जा रहे हैं। बाजार मूल्य और सर्वे रिपोर्ट के अनुसार प्रत्येक क्षेत्र के लिए अलग-अलग दरें तय की गई हैं। अब तक जारी मुआवजे में शहर के 220 केवी बिजलीघर के समीप स्थित बीमा बस्ती की भूमि के लिए किसानों को सर्वाधिक छह करोड़ रुपये प्रति एकड़ तक मुआवजा मिला है।
इसके बाद गांव धांगड़ के किसानों को तीन से पांच करोड़ रुपये प्रति एकड़ की दर से भुगतान किया गया है। गांव बड़ोपल में अधिकतम दो करोड़ सात लाख रुपये प्रति एकड़ के हिसाब से राशि जारी हुई है। इसके अलावा गांव खाराखेड़ी के पात्र किसानों के खातों में भी सर्वे के अनुसार मुआवजा राशि पहुंच रही है।
खेतों में टावर लगने चालू
मुआवजा मिलने के बाद किसानों की ओर से सहयोग मिलने से निर्माण कार्य ने गति पकड़ ली है। खेतों में फाउंडेशन तैयार कर बड़े टावर पोल खड़े करने का काम चालू हो गया है। यह उच्च क्षमता वाली बिजली लाइन सिवानी क्षेत्र के झुंपा से शुरू होकर काजला, फ्रांसी और खासामहाजन होते हुए फतेहाबाद जिले में प्रवेश कर रही है।
जिले के खाराखेड़ी, बड़ोपल और धांगड़ के खेतों से गुजरते हुए यह लाइन फतेहाबाद शहर के बस स्टैंड के समीप स्थित 220 केवी सब-स्टेशन से जोड़ी जाएगी। यह पूरी कवायद राजस्थान के विशाल सोलर पार्कों से उत्पादित हरित सौर ऊर्जा को हरियाणा और पंजाब तक पहुंचाने के लिए की जा रही है। करीब 12 हजार करोड़ रुपये की इस महत्वाकांक्षी परियोजना के तहत सिवानी-फतेहाबाद रूट पर जिले की सीमा में 51 स्थानों पर बड़े बिजली टावर लगाए जा रहे हैं।
वहीं, सिवानी से पंजाब के पातड़ा जाने वाले दूसरे 400 केवी रूट पर भी जिले में 85 स्थानों पर टावर लगाए जाने हैं। यह रूट टोहाना क्षेत्र से होकर पंजाब जाएगा।