National News: NordPass की ‘टॉप 200 सबसे आम पासवर्ड’ रिपोर्ट के अनुसार 2026 में दुनियाभर में सबसे ज्यादा इस्तेमाल होने वाला पासवर्ड ‘123456’ है, जिसे 72 लाख से ज्यादा यूजर्स इस्तेमाल कर रहे हैं, जबकि भारत में भी यही पासवर्ड 8.72 लाख यूजर्स के साथ पहले नंबर पर है।
पिछले आठ सालों से NordPass की ‘टॉप 200 सबसे आम पासवर्ड’ रिपोर्ट लोगों के पासवर्ड चुनने के तरीके और बदलते रुझानों पर बारीकी से नजर रखती आ रही है। ज्यादातर यूजर्स ऐसे पासवर्ड बनाना पसंद करते हैं जिन्हें याद रखना आसान हो और जिन्हें वे भूलें नहीं- चाहे इसके लिए उन्हें अपने अकाउंट की सुरक्षा के साथ समझौता ही क्यों न करना पड़े।
कैसे तैयार हुई यह रिपोर्ट?
NordPass ने NordLayer Intelligence और साइबर सुरक्षा रिसर्चर्स के साथ मिलकर 2026 की यह लिस्ट तैयार की है। इसके लिए सितंबर 2025 से सितंबर 2026 के बीच हुए सार्वजनिक Data Breach और Dark Web पर सामने आए पासवर्ड का विश्लेषण किया गया। रिपोर्ट के मुताबिक, इस शोध में किसी भी व्यक्ति का निजी डेटा खरीदा या हासिल नहीं किया गया।
44 देशों के आंकड़ों में ‘admin’, ‘password’, ‘qwerty’ और ‘12345’ जैसे आसान कॉम्बिनेशन सबसे ऊपर दिखे। दुनियाभर में सबसे ज्यादा इस्तेमाल होने वाला पासवर्ड ‘123456’ रहा, जिसका इस्तेमाल 72 लाख से ज्यादा यूजर्स कर रहे हैं।
दुनिया के टॉप-10 सबसे ज्यादा इस्तेमाल होने वाले पासवर्ड
दुनिया की सूची में पहले नंबर पर ‘123456’ है, जिसे 72,34,326 यूजर्स इस्तेमाल कर रहे हैं। इसके बाद दूसरे नंबर पर ‘admin’ (44,55,221), तीसरे पर ‘12345678’ (29,53,492), चौथे पर ‘123456789’ (18,88,014) और पांचवें पर ‘1234’ (18,79,782) है। छठे नंबर पर ‘12345’ (12,93,228), सातवें पर ‘password’ (12,45,586), आठवें पर ‘Aa123456’ (5,22,372), नौवें पर ‘Pass@123’ (5,18,404) और दसवें पर ‘1234567890’ (5,12,553) है।
भारत में सबसे ज्यादा इस्तेमाल होने वाला पासवर्ड
भारत में भी सबसे ज्यादा इस्तेमाल होने वाला पासवर्ड ‘123456’ ही है, जिसे 8.72 लाख से ज्यादा यूजर्स इस्तेमाल कर रहे हैं। इसके बाद दूसरे नंबर पर ‘12345678’ और तीसरे नंबर पर ‘admin’ है। भारत की टॉप-10 लिस्ट में ‘Admin@123’, ‘Welcome@123’ और ‘admin@123’ जैसे पासवर्ड भी शामिल हैं। ऊपर से ये पासवर्ड थोड़े मजबूत दिख सकते हैं, लेकिन इनका पैटर्न इतना आम और अनुमान लगाने लायक है कि हैकर्स इन्हें आसानी से पहचान लेते हैं।
भारत की सूची में पहले नंबर पर ‘123456’ (8,72,515) है। इसके बाद ‘12345678’ (3,54,339), ‘admin’ (2,95,386), ‘1234’ (2,43,882), ‘12345’ (2,38,881), ‘123456789’ (2,16,777), ‘password’ (1,64,647), ‘Admin@123’ (1,39,109), ‘Welcome@123’ (1,03,375) और ‘admin@123’ (97,010) हैं।
कमजोर पासवर्ड हो तो तुरंत बदलें, इन बातों का रखें ध्यान
अगर आपका पासवर्ड भी इस लिस्ट में शामिल है या बेहद आसान है, तो उसे तुरंत बदलना ही समझदारी है। किसी शब्द या नाम के पीछे 123 या @123 जोड़ देने से पासवर्ड सुरक्षित नहीं होता। नया और मजबूत पासवर्ड बनाते समय इन बातों को अपनाएं: कम से कम 14 से 16 अक्षरों का पासवर्ड बनाएं। बड़े अक्षर, छोटे अक्षर, नंबर और स्पेशल कैरेक्टर (@, #, $ आदि) को मिलाकर पासवर्ड तैयार करें। अपना नाम, जन्मतिथि, मोबाइल नंबर या आम डिक्शनरी के शब्द पासवर्ड में न रखें। एक ही पासवर्ड को कई ऐप या वेबसाइट पर न दोहराएं। एक जगह लीक होने पर बाकी अकाउंट भी खतरे में आ सकते हैं। इतने सारे अलग पासवर्ड याद रखने के लिए किसी भरोसेमंद Password Manager की मदद लें। जहां भी सुविधा हो, वहां Two-Factor Authentication (2FA) या Passkey जरूर चालू रखें।