World News: एनवीडिया के सह-संस्थापक और सीईओ जेन्सेन हुआंग की पत्नी लोरी हुआंग इन दिनों चर्चा में हैं। इलेक्ट्रिकल इंजीनियर रह चुकीं लोरी अब जेन-ह्सुन और लोरी हुआंग फाउंडेशन की अध्यक्ष हैं, जिसकी संपत्ति करीब 9.2 अरब डॉलर बताई जाती है। दोनों की मुलाकात कॉलेज के दिनों में हुई थी और 1985 में उनकी शादी हुई थी।
एनवीडिया के सीईओ जेन्सेन हुआंग इन दिनों अपनी निजी जिंदगी को लेकर भी सुर्खियों में हैं। उनके अफेयर से जुड़ी खबरों के बीच पत्नी लोरी हुआंग के साथ उनके रिश्ते पर भी तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। लोरी ने इस पूरे मामले पर अब तक कोई टिप्पणी नहीं की है। ऐसे में लोगों की दिलचस्पी सिर्फ जेन्सेन हुआंग तक सीमित नहीं है, बल्कि उनकी पत्नी की जिंदगी, करियर, परिवार और उनकी अरबों की फाउंडेशन के बारे में भी जानने की उत्सुकता बढ़ गई है।
कौन हैं लोरी हुआंग?
लोरी हुआंग एनवीडिया के सह-संस्थापक और सीईओ जेन्सेन हुआंग की पत्नी हैं। वह खुद इलेक्ट्रिकल इंजीनियर रह चुकी हैं, लेकिन अब चैरिटी से जुड़े कामों में ज्यादा सक्रिय हैं। लोरी जेन-ह्सुन और लोरी हुआंग फाउंडेशन की अध्यक्ष हैं। यह फाउंडेशन शिक्षा, कला और समाज से जुड़े कामों के लिए मदद करती है। अपने पति की तुलना में लोरी सार्वजनिक कार्यक्रमों और मीडिया में कम नजर आती हैं, लेकिन फाउंडेशन के काम में उनकी अहम भूमिका है।
कॉलेज में हुई थी जेन्सेन से मुलाकात
लोरी हुआंग ने ओरेगन स्टेट यूनिवर्सिटी से इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग की पढ़ाई की थी। इसी कॉलेज में उनकी मुलाकात जेन्सेन हुआंग से हुई। दोनों की पहली मुलाकात 1980 के शुरुआती सालों में हुई थी, जब दोनों कॉलेज में पढ़ते थे। दोस्ती से शुरू हुआ यह रिश्ता आगे बढ़ा और दोनों ने 1985 में शादी कर ली। शादी के बाद उनके दो बच्चे हुए, जिनका नाम मैडिसन और स्पेंसर है।
एचपी और सिलिकॉन ग्राफिक्स में कर चुकी हैं काम
लोरी हुआंग सिर्फ एक बिजनेसमैन की पत्नी नहीं हैं, उनका अपना पेशेवर करियर भी रहा है। वह हेवलेट पैकार्ड (एचपी) और सिलिकॉन ग्राफिक्स जैसी टेक कंपनियों में इंजीनियर के तौर पर काम कर चुकी हैं। जब 1993 में जेन्सेन हुआंग ने एनवीडिया की शुरुआत की, तब लोरी ने परिवार और बच्चों को समय देने के लिए अपने करियर से दूरी बना ली। बाद में उन्होंने सामाजिक कामों में दिलचस्पी बढ़ाई और फाउंडेशन के जरिए लोगों की मदद करने लगीं।
9 अरब डॉलर से ज्यादा की फाउंडेशन संभालती हैं
लोरी हुआंग जेन-ह्सुन और लोरी हुआंग फाउंडेशन की अध्यक्ष हैं, जबकि जेन्सेन इसके सचिव और सीएफओ हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, फाउंडेशन के पास करीब 9.2 अरब डॉलर की संपत्ति है और इसके पास एनवीडिया के लगभग 5.9 करोड़ शेयर भी हैं। हालांकि, ये शेयर फाउंडेशन की संपत्ति हैं, न कि जेन्सेन और लोरी की निजी संपत्ति।
जेन्सेन और लोरी के रिश्ते पर क्यों हो रही चर्चा?
जेन्सेन हुआंग ने नवंबर 2026 में अपने एक्स्ट्रा मैरिटल अफेयर की बात स्वीकार की और परिवार से माफी मांगी। इस खबर के बाद लोरी हुआंग के साथ उनके रिश्ते और शादी के भविष्य को लेकर चर्चा होने लगी। हालांकि, लोरी ने इस मामले पर सार्वजनिक तौर पर कोई बयान नहीं दिया है और उनके रिश्ते को लेकर आगे क्या होगा, इस बारे में कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।