National News: टीवी अभिनेत्री टीना दत्ता के मुंबई स्थित घर की फॉल्स सीलिंग गिर गई, जिससे उनके सोफे, अवॉर्ड्स और पसंदीदा सामान को भारी नुकसान पहुंचा। अभिनेत्री ने बताया कि वह 31 अक्टूबर को दुर्गा पूजा के बाद कोलकाता से लौटी थीं, तभी यह हादसा हुआ। वह दो दिनों तक सदमे में रहीं और तीसरे दिन रोईं।
टीना दत्ता ने अपने लिविंग रूम में बैठकर बनाए गए एक वीडियो में यह घटना साझा की है। वह इस समय मियामी में हैं। उन्होंने बताया कि पिछले कुछ समय से वह काफी कुछ झेल रही थीं, इसलिए उनकी सोशल मीडिया स्टोरीज भी नहीं दिख रही थीं। वीडियो में उन्होंने कहा कि लिविंग रूम उनके घर का सबसे पसंदीदा हिस्सा है, जहां बैठकर वह पहले भी कई वीडियो बना चुकी हैं।
31 अक्टूबर को लौटते ही गिरा मलबा
टीना ने बताया कि 31 अक्टूबर को दुर्गा पूजा के बाद वह कोलकाता से घर लौटी थीं। उन्होंने सूटकेस रखा, कपड़े बदले और नहाकर लिविंग रूम में आईं। मां ने कुछ सामान भेजा था, इसलिए उन्होंने पहले खाना खाने का सोचा। इसके बाद जब वह सूटकेस खोलने गईं, तो उन्हें कारपेट पर किसी चीज का एक बड़ा टुकड़ा पड़ा दिखाई दिया। यह नया और बेहद खूबसूरत कारपेट था, जिसे इंडिया प्रोजेक्ट ने भेजा था।
पहले उन्हें लगा कि शायद घर में काम करने वालों ने कुछ गंदगी कर दी होगी। फिर उन्होंने सोचा कि यह टुकड़ा यहां आया कहां से। जब वह घर पर नहीं थीं, तब करीब दो महीने तक घर अस्त-व्यस्त रहा था। वह खिड़की की तरफ गईं कि देखें कहीं यह बाहर से तो नहीं आया। तभी अचानक उनके सिर, गर्दन और कंधों पर कुछ गिरा। ऊपर देखा तो पता चला कि घर की फॉल्स सीलिंग गिर रही थी।
दो दिन तक सदमे में रहीं टीना
टीना ने कहा कि उन्होंने बड़े अरमानों से अपना घर बनवाया था और शहर के बेहतरीन आर्किटेक्ट्स में से एक ने इसे डिजाइन किया था। अचानक सीलिंग गिरने से वह अंदर तक झकझोर गईं। उन्होंने कहा कि वह दो दिनों तक सुन्न रहीं और सदमे में थीं। तीसरे दिन जब उन्हें समझ आया कि आखिर हुआ क्या है, तब वह रोईं।
अभिनेत्री ने कहा कि वह एक हसलर और वॉरियर प्रिंसेस हैं और हमेशा आगे बढ़ने में विश्वास रखती हैं। उन्होंने खुद से कहा कि अब रोने से कुछ नहीं होगा, कमर कसकर इसे ठीक करने में जुट जाना चाहिए।
सोफा और अवॉर्ड्स को नुकसान, वॉलपेपर की याद
टीना ने वीडियो में अपने घर की मौजूदा हालत भी दिखाई। उन्होंने कहा कि उनका सोफा अब सोफा जैसा नहीं दिखता और उनके कई अवॉर्ड्स को भी नुकसान पहुंचा है। वह अपना पसंदीदा वॉलपेपर बहुत मिस करेंगी, जिसे खास तौर पर इटली से मंगवाया गया था। इटली से भेजी गई एक और खूबसूरत चीज भी थी।
उन्होंने बताया कि उन्हें घर में पंखा लगवाना कभी पसंद नहीं था, लेकिन अब मजबूरी में लगवाना पड़ा। उनकी सीलिंग में पंखा नहीं था और घर आने पर लाइट भी नहीं जलती थी। अब उनका घर कुछ ऐसा दिखता है।
आखिर में टीना ने कहा कि वह दुखी हैं और उनका दिल टूट गया है, लेकिन वह फिर से उठेंगी और अपने घर को दोबारा पहले जैसा खूबसूरत बनाएंगी। उन्होंने कहा कि सब ठीक हो जाएगा।