Kanpur Dehat News: उत्तर प्रदेश महिला आयोग की उपाध्यक्ष अपर्णा यादव ने समाजवादी पार्टी के आजम खान की तुलना बिना नाम लिए असुर से कर दी। कानपुर देहात में आजम खान की जेल से रिहाई पर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि ऐसे व्यक्ति के बारे में बात करने की जरूरत नहीं है। इस दौरान उन्होंने समाजवादी पार्टी को महिला विरोधी बताया।
अपर्णा यादव कानपुर देहात में राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग की अध्यक्ष साध्वी निरंजन ज्योति के आयोजित एक कथा कार्यक्रम में शामिल होने पहुंची थीं। पत्रकारों से बातचीत के दौरान अपर्णा यादव से आजम खान की जेल से रिहाई को लेकर सवाल पूछा गया। इस पर उन्होंने बिना नाम लिए कहा, ‘मेरा मानना है कि व्यक्ति को कथा सुननी चाहिए। ऐसे असुर के बारे में बात करने की कोई जरूरत नहीं है।’
2027 यूपी चुनाव में बीजेपी की जीत का भरोसा
आगामी राजनीतिक समीकरणों पर बात करते हुए अपर्णा यादव ने विश्वास जताया कि साल 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनावों में बीजेपी की जीत होगी। उन्होंने समाजवादी पार्टी का नाम लिए बिना उस पर निशाना साधा और आरोप लगाया कि वह हमेशा से महिला विरोधी रही है। अपर्णा ने कहा कि उन्होंने सिर्फ अपने ही परिवार की महिलाओं को आगे बढ़ाया है।
नारी शक्ति अधिनियम का जिक्र कर प्रधानमंत्री की तारीफ की
अपर्णा यादव ने केंद्र सरकार की नीतियों की तारीफ करते हुए कहा कि इसके विपरीत, जब नए संसद भवन का उद्घाटन हुआ, तो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सबसे पहला विधेयक नारी शक्ति अधिनियम पारित करने की कोशिश की। उन्होंने आगे कहा, ‘इसी की वजह से मेरे जैसे कई लोग, और पार्टी के अनगिनत पुरुष और महिला कार्यकर्ता, अब अपने काम के लिए सशक्त हुए हैं।’
संगीत सोम ने भी साधा था आजम खान पर निशाना
इससे पहले बीजेपी नेता संगीत सोम ने आजम खान पर हमला बोला था। उन्होंने कहा था, ‘आजम खान को एनकाउंटर का डर होना चाहिए, क्योंकि मुजफ्फरनगर दंगे में जिस तरीके से उन्होंने निर्दोष लोगों को मरवाया, उनका सफेद कुर्ता खून से सना हुआ है। यह ऐसा कुर्ता है, जिसने सैकड़ों लोगों की जान ली है। ऐसे व्यक्ति को एनकाउंटर का डर होना चाहिए। ये गुंडे और माफिया हैं, कोई नेता नहीं हैं।’
बता दें कि अपर्णा यादव समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव की बहू हैं। उनकी शादी प्रतीक यादव से हुई थी, जो मुलायम सिंह यादव की दूसरी पत्नी के बेटे हैं, जबकि सपा प्रमुख अखिलेश यादव उनकी पहली पत्नी के पुत्र हैं। प्रतीक यादव का इसी साल 13 मई को देहांत हो गया था।