Una News: हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले में माता चिंतपूर्णी मंदिर के पास नवरात्र मेले के दौरान ट्रैफिक संभाल रहे पुलिस सब-इंस्पेक्टर (एसआई) राजेश कुमार की दर्दनाक हादसे में मौत हो गई. दो बसों के बीच में आने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए थे. पुलिस ने इस संबंध में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
घटना 17 अक्तूबर की रात भरवाईं में तंग सड़क पर हुई. नगरोटा सूरियां के अमलेला गांव निवासी एसआई राजेश कुमार हरियाणा रोडवेज और एक अन्य यात्री बस को धीरे-धीरे निकालने का इशारा कर रहे थे. इसी दौरान वह दोनों वाहनों की चपेट में आ गए. इलाज के दौरान सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चिंतपूर्णी में उन्होंने दम तोड़ दिया.
गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें टांडा मेडिकल कॉलेज कांगड़ा रेफर किया गया था. लेकिन रास्ते में तबीयत अधिक बिगड़ने पर उन्हें वापस चिंतपूर्णी अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. हादसे के बाद एक बस का चालक मौके से भाग निकला, जिसके बाद चालकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई.
राजकीय सम्मान के साथ पैतृक गांव में हुआ अंतिम संस्कार
रविवार को जब एसआई राजेश कुमार का तिरंगे में लिपटा शव उनके पैतृक गांव अमलेला पहुंचा, तो पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई. उनकी पत्नी मधु बाला, बुजुर्ग पिता रत्न चंद, माता कांता देवी और दिल्ली में पढ़ाई कर रही बेटी तन्वी का रो-रोकर बुरा हाल था.
इसके बाद अमलेला श्मशानघाट में राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया. बेटे गोलू ने नम आंखों से पिता की चिता को मुखाग्नि दी. पुलिस जिला नूरपुर की टुकड़ी ने गॉर्ड ऑफ ऑनर देकर अपने जांबाज साथी को अंतिम विदाई दी. इस दौरान भारी संख्या में स्थानीय ग्रामीणों ने उन्हें श्रद्धांजलि दी.
